नई दिल्ली: तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने टी20 क्रिकेट में नंबर-11 पर बैटिंग करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने का विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र और तमिलनाडु के बीच खेले गए मैच में कप्तान उनादकट 11वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने 26 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए।

उनादकट ने यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के डैनी ब्रिग्स का तोड़ा, जिन्होंने 2020 में बिग बैश में एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए होबार्ट हेरिकेन्स के खिलाफ 18 गेंदों पर 35 रनों की नाबाद पारी खेली थी। भारतीय खिलाड़ियों में मुनाफ पटेल ने 2009 आईपीएल में राजस्थान के लिए दिल्ली के खिलाफ नंबर-11 पर 10 गेंदों पर 23 रन बनाए थे।

सौराष्ट्र की टीम 92 रन पर 9 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद उनादकट और चेतन सकारिया के बीच 62 रनों की साझेदारी हुई, जो टी20 क्रिकेट में 10वें विकेट के लिए संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। 2016 में पीएसएल में क्वेटा ग्लेडिएटर्स के लिए ग्रांट इलियट और जुल्फिकार बाबर के बीच 63 रनों की साझेदारी हुई थी।

इस मैच में सौराष्ट्र को हार का सामना करना पड़ा। साई किशोर की कप्तानी वाली तमिलनाडु ने यह मुकाबला 38 रनों से जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडु ने 8 विकेट पर 192 रन बनाए, जिसमें सनी संधु ने 17 गेंदों पर 6 छक्कों की मदद से 44 रन और आर राजकुमार ने 36 रन का योगदान दिया। जवाब में सौराष्ट्र की पारी 17वें ओवर में 154 रनों पर सिमट गई।