भारतीय तेज गेंदबाज और सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए टी20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में तमिलनाडु के खिलाफ मैच में उनादकट ने 40 रनों की पारी खेली, जो 11वें नंबर पर किसी बल्लेबाज द्वारा टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के डैनी ब्रिग्स के नाम था, जिन्होंने 2020 में बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए खेलते हुए नाबाद 35 रन बनाए थे।
मैच में 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सौराष्ट्र ने 93 रन पर ही 9 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए उनादकट ने चेतन साकरिया के साथ 10वें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। हालांकि, वे टीम को जीत नहीं दिला सके और सौराष्ट्र को 38 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
उनादकट से पहले भारत की ओर से 11वें नंबर पर टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड मुनाफ पटेल के नाम था, जिन्होंने 2009 आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 23 रन बनाए थे। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से पंजक जसवाल और प्रशांत सोलंकी के नाम था, जिन्होंने 23-23 रनों की पारी खेली थी।
टी20 क्रिकेट में 11वें नंबर पर सबसे बड़ी पारियों की सूची में उनादकट 40 रनों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि डैनी ब्रिग्स (35*), डोमिनिक ड्रेक्स (34*), खालिद अहमदी (31*) और मुजीब उर रहमान (27) इस सूची में शामिल हैं।
