26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को दिल्ली की एक विशेष एनआईए अदालत से राहत मिली है। अदालत ने उसे अपनी नवजात पोती और परिवार से वीडियो कॉल पर बात करने की अनुमति दी है। यह आदेश 2008 के मुंबई हमले की 18वीं बरसी से एक दिन पहले बुधवार को आया।
विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया। अदालत ने तिहाड़ जेल से राणा को 14 दिसंबर 2026 और 4 जनवरी 2027 को वीडियो कॉल करने की इजाजत दी है। यह कॉल 10-10 मिनट की होगी और शाम 6 से 7 बजे के बीच कराई जाएगी।
अदालत ने कड़ी शर्तें लगाई हैं। वीडियो कॉल जेल अधीक्षक की मौजूदगी में होगी और पूरी बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। कॉल लगने पर पहले जेल अधीक्षक दूसरी तरफ से बात करेंगे और जवाब मिलने के बाद ही फोन राणा को सौंपा जाएगा। अदालत ने साफ कहा है कि राणा भविष्य में इस आधार पर दोबारा ऐसी सुविधा की मांग नहीं कर सकेगा।
राणा के वकील निशांत सिंह ने अर्जी में 27 नवंबर, 26 दिसंबर और 2 जनवरी को अमेरिका में रह रहे परिवार से वीडियो कॉल पर बात कराने की मांग की थी। वकील के मुताबिक राणा 10 अप्रैल 2025 से हिरासत में है और तब से उसने अपने परिवार और नवजात पोती को नहीं देखा है। जांच एजेंसी एनआईए ने इस मांग का विरोध करते हुए कहा था कि हिरासत में रहते हुए किसी आरोपी को वीडियो कॉल का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। राणा अमेरिका में 14 साल की सजा काट चुका है और 2025 में उसे अमेरिका से भारत लाया गया था। वह 10 अप्रैल 2025 से तिहाड़ जेल की हाई-सिक्योरिटी सेल में बंद है। अदालत अगले महीने इस केस में आरोप तय करने पर सुनवाई करेगी।