राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने मंगलवार को बारामती लोकसभा सीट में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण खड़कवासला इलाके के कई गांवों में उन मतदाताओं के नाम काट दिए गए, जिनके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। सुले ने पुणे के जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी से मुलाकात कर इस संबंध में शिकायत की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुले ने बताया कि कलेक्टर ने सभी शिकायतें सुनीं और लोगों से एसआईआर से जुड़ी किसी भी शिकायत या गड़बड़ी के लिए हर हफ्ते उनसे मिलने को कहा। इसके बाद बारामती लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों ने हर हफ्ते ऐसी शिकायतें इकट्ठा करने का फैसला किया है। वे इन शिकायतों की एक फाइल बनाकर कलेक्टर को सौंपेंगे। सुले ने मांग की कि खड़कवासला इलाके में एसआईआर से जुड़ी शिकायतों का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाए और जिला प्रशासन चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी करे।
बैठक में कई दूसरे मुद्दे भी उठाए गए। इनमें फसल खराब होने से परेशान किसानों को आर्थिक मदद देना, पानी की कमी, रोजगार गारंटी योजना और विकास से जुड़े काम शामिल थे। सुले ने कहा कि बारामती लोकसभा क्षेत्र के कई किसानों को अब तक महाराष्ट्र सरकार की ओर से घोषित 5,000 रुपये की मदद नहीं मिली है। प्रशासन से जरूरी दस्तावेजों में मौजूद खामियों को दूर करने और पात्र किसानों के नाम जल्द से जल्द सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने राज्य के पात्र किसानों से अपील की कि जिन्हें यह मदद नहीं मिली है, वे तुरंत जिला कलेक्टर कार्यालय में अपना नाम दर्ज कराएं।
केंद्र सरकार द्वारा रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर 'विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन गारंटी' (वीबी-जी-राम-जी) किए जाने पर सुले ने कहा कि योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कहा कि शर्तें और नियम इतने सख्त नहीं होने चाहिए कि जमीन पर काम करना ही मुश्किल हो जाए और महाराष्ट्र में सूखे जैसे हालात को देखते हुए कुछ शर्तों में ढील दी जानी चाहिए। सुले ने बताया कि वह हर चार से छह हफ्ते में जिला कलेक्टर कार्यालय, पुणे नगर निगम, महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से मिलती हैं और अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े प्रशासनिक मुद्दों की समीक्षा करती हैं।