महाराष्ट्र में शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता और राज्य के मंत्री नितेश राणे ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सवाल उठाया है कि क्या उन्होंने बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने की जरूरत भी समझी। राणे ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में यह सवाल उठाया और कहा कि इससे बालासाहेब और उनकी विरासत के प्रति राहुल गांधी के सम्मान का पता चलता है। उन्होंने उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे का नाम सीधे लिए बिना कहा कि इसके बावजूद ठाकरे परिवार के नेता राहुल गांधी के इशारे पर चलने को तैयार हैं। इस बयान के जरिए राणे ने कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) के बीच राजनीतिक नजदीकी पर सवाल उठाए।
इस बीच, उद्धव ठाकरे अपने बेटे आदित्य ठाकरे और पत्नी रश्मि ठाकरे के साथ दादर स्थित शिवाजी पार्क पहुंचे, जहां बालासाहेब का स्मारक फूलों से सजाया गया था। उन्होंने स्मारक पर फूल चढ़ाकर उन्हें याद किया और अपने चचेरे भाई तथा मनसे प्रमुख राज ठाकरे का इंतजार किया। राज ठाकरे के पहुंचने के बाद दोनों भाई एक साथ स्मारक के सामने खड़े हुए और बालासाहेब को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवसैनिक और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने भी दक्षिण मुंबई में रीगल सिनेमा के पास स्थित बालासाहेब की प्रतिमा पर माला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शिंदे ने कहा कि पार्टी के वफादार कार्यकर्ता हर साल अपने नेता को याद करने के लिए जुटते हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी बालासाहेब की हिंदुत्व विचारधारा और उनके बताए 80 प्रतिशत समाजसेवा तथा 20 प्रतिशत राजनीति के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। शिंदे के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार भी बालासाहेब के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज कल्याण और जनता के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
शिंदे ने बालासाहेब की उस सीख का भी जिक्र किया, जिसमें वह कहते थे कि पार्टी कार्यकर्ताओं को घर बैठने के बजाय जमीन पर उतरकर काम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि शिवसेना के कार्यकर्ता राज्य के सूखा प्रभावित इलाकों में जाकर किसानों की मदद कर रहे हैं। शिंदे के अनुसार, पार्टी के सभी विधायकों, मंत्रियों और पदाधिकारियों को सूखे से प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी संकट या आपदा होगी, शिवसेना के कार्यकर्ता वहां मदद के लिए मौजूद रहेंगे।
