पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने वाले लोगों को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल सकती है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने चुनाव आयोग को अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। पीठ ने कहा कि इसके लिए आयोग कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से सलाह ले। अदालत ने स्पष्ट किया कि वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों पर पहले सुनवाई होनी चाहिए, और खासकर उन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को प्राथमिकता मिले जहां नगर निकाय चुनाव होने वाले हैं।

अदालत ने अपीलों को दो श्रेणियों में बांटने का निर्देश दिया। पहली श्रेणी में उन लोगों की अपीलें हैं जिनके नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं, जबकि दूसरी श्रेणी में उन लोगों की अपीलें हैं जो किसी दूसरे व्यक्ति का नाम सूची में शामिल किए जाने को चुनौती दे रहे हैं। पीठ ने कहा कि दूसरी श्रेणी के मामलों में उतनी जल्दबाजी की जरूरत नहीं है।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील प्रशांत भूषण ने बताया कि करीब 38 लाख अपीलें दाखिल हुई हैं, लेकिन अब तक केवल एक लाख के आसपास मामलों का निपटारा हुआ है। उन्होंने कहा कि नाम काटे जाने के खिलाफ करीब 93 प्रतिशत अपीलों में फैसला हो चुका है और संबंधित लोगों के नाम दोबारा जोड़ने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि, उनके मुताबिक करीब 22 लाख अपीलें अब भी लंबित हैं और कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में दो लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कथित तौर पर हटाए गए हैं, जिनकी अपीलों पर सुनवाई बाकी है।

अदालत ने चुनाव आयोग को कोलकाता के अलग-अलग इलाकों में ऐसे स्थानों की पहचान करने को कहा है जहां अपीलीय ट्रिब्यूनल बनाए जा सकें, ताकि लोगों को सुनवाई के लिए दूर न जाना पड़े और लंबित मामलों का जल्द निपटारा हो सके। पीठ ने कोलकाता नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं की अपीलों को प्राथमिकता देने की बात कही। इस साल मार्च में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव आयोग ने 19 अपीलीय ट्रिब्यूनल बनाए थे, और एसआईआर से जुड़े करीब 60 लाख दावों और आपत्तियों की जांच के लिए पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के लगभग 700 न्यायिक अधिकारियों को तैनात किया गया था। सुनवाई में राशन जैसी दूसरी सरकारी सुविधाओं पर भी चिंता जताई गई, लेकिन पीठ ने स्पष्ट किया कि मौजूदा मामला केवल वोटर लिस्ट और एसआईआर से जुड़ी अपीलों तक सीमित है और अन्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे हाईकोर्ट में उठाए जा सकते हैं।