कैंसर रोधी दवाओं के अवैध कारोबार की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, कथित सरगना आर. प्रशांत बाबू के नेतृत्व में आरोपियों ने कर्नाटक सरकार और निजी कंपनियों की ओर से मुफ्त दी जाने वाली दवाओं को डायवर्ट कर ऊंची कीमतों पर बेचा। इस रैकेट ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश के 15,000 से अधिक मरीजों से मनमाने दाम वसूले। यह नेटवर्क मुख्य रूप से दक्षिण भारत के निजी अस्पतालों और कई दवा दुकानों के जरिए चलाया जा रहा था।
जांच के अनुसार, आरोपियों ने उस योजना का फायदा उठाया जिसमें लगभग 5 लाख रुपये कीमत के दो कैंसर इंजेक्शन खरीदने वाले मरीज को एक अतिरिक्त डोज मुफ्त मिलनी थी। आरोप है कि उन्होंने यह लाभ छिपाया और मुफ्त वाला इंजेक्शन भी मरीजों को बाजार कीमत पर बेच दिया। जांच में यह भी सामने आया कि यदि कोई मरीज दवा इस्तेमाल से पहले ही गुजर जाता था, तो आरोपी बची हुई दवाएं सस्ते दाम पर वापस खरीदकर दूसरे मरीजों को असली कीमत पर बेच देते थे। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम अब यह पता लगा रही है कि कुल कितने इंजेक्शन डायवर्ट किए गए, कितने मरीज प्रभावित हुए और कितने पैसे का लेन-देन हुआ। जांच में सप्लाई चेन, निजी अस्पतालों और दवा कंपनियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने प्रशांत बाबू को मोती बाग पुलिस स्टेशन में दर्ज धोखाधड़ी के अलग मामले में हिरासत में ले लिया है। सूत्रों के अनुसार, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज थी, जिसमें आरोप है कि उन्होंने दवाएं उपलब्ध कराने का वादा करके एक व्यक्ति से 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। कर्नाटक की एसआईटी द्वारा गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने अदालत से कस्टडी मांगी और बॉडी वारंट के जरिए उन्हें हिरासत में लिया गया।
गौरतलब है कि 18 अगस्त 2026 को बिदादी में एक बिना लाइसेंस वाली जगह पर छापेमारी में लगभग 5 करोड़ रुपये की एक्सपायर्ड दवाएं जब्त की गई थीं, जिन्हें फिर से पैक कर नकली लेबल लगाए गए थे। इस मामले में एसआईटी ने सितंबर 2026 के आखिर में बंगलूरू के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रशांत को गिरफ्तार किया था, जबकि उनके साथी वीरेश कुमार जैन पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे। अधिकारियों ने कई फार्मेसियों और कंपनियों के लाइसेंस रद्द या सस्पेंड किए हैं।