सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जिस अपराधी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा हो और जिसे पहले भी किसी अपराध के लिए दोषी ठहराया जा चुका हो, उसे केवल जल्द सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती। जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की बेंच ने यह टिप्पणी पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के उस आदेश को रद्द करते हुए की, जिसमें हत्या के एक मामले के आरोपी को जमानत दी गई थी।

बेंच ने कहा कि जल्द सुनवाई के अधिकार को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 का ही एक हिस्सा माना जाता है, लेकिन जब कोई आरोपी किसी गंभीर अपराध में शामिल हो, तो उसके अधिकारों के साथ-साथ समाज के हितों को भी ध्यान में रखना जरूरी होता है, जिसमें पीड़ित और उसके परिवार के हित भी शामिल हैं। बेंच ने कहा कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान न तो आरोपी की पिछली दोषसिद्धि के बारे में हाई कोर्ट को बताया गया और न ही अन्य आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता की जानकारी दी गई।

सुप्रीम कोर्ट ने 18 नवंबर के अपने आदेश में कहा कि ऐसे अपराधी को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत पर रिहा नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि यह अदालत का कर्तव्य है कि वह त्वरित सुनवाई के अधिकार और सामाजिक हित के बीच संतुलन बनाए रखे, खासकर तब जब कोई व्यक्ति कई अपराधों में शामिल हो और उसने हाई कोर्ट के सामने गलत बयान देकर जमानत हासिल की हो। यह आदेश मृतक के पिता यानी शिकायतकर्ता द्वारा दायर अपील पर सुनवाई करते हुए दिया गया, जिसमें हाई कोर्ट के जमानत आदेश को चुनौती दी गई थी।

बेंच ने गौर किया कि हाई कोर्ट ने इस आधार पर जमानत दी थी कि आरोपी पांच साल से अधिक समय से जेल में था। शिकायतकर्ता ने तर्क दिया कि हाई कोर्ट को मामले के सभी पहलुओं पर विचार करना चाहिए था, जिसमें आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड और यह तथ्य भी शामिल है कि उसे पहले हत्या के प्रयास के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका था। आरोपी के वकील ने कहा कि उसने हाई कोर्ट में दायर अपनी जमानत याचिका में अपने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का जिक्र किया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि याचिका में आरोपी ने दो जगहों पर यह बयान दिया था कि वह मौजूदा मामले के अलावा किसी अन्य मामले में शामिल नहीं है। कोर्ट ने कहा कि उसने पिछले मामले में अपनी दोषसिद्धि को छिपाया था, जिसमें उसे उसी व्यक्ति की जान लेने की कोशिश करने के लिए दोषी ठहराया गया था और सजा सुनाई गई थी, जो इस मामले में मृतक है। बेंच ने कहा कि मौजूदा अपराध तब किया गया, जब आरोपी उस मामले में जमानत पर था, जिसमें उसे हत्या के प्रयास का दोषी ठहराया गया था। कोर्ट ने कहा कि हाई कोर्ट को मुकदमे के दौरान आरोपी को जमानत पर रिहा नहीं करना चाहिए था। अपील स्वीकार करते हुए पीठ ने उच्च न्यायालय के आदेश को रद्द कर दिया और आरोपी को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।