कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरव दास ने दावा किया है कि उन्हें ऑक्सफ़र्ड यूनियन के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लंदन जाने से रोक दिया गया। सोमवार देर रात दिल्ली एयरपोर्ट से सोशल मीडिया एक्स पर साझा एक वीडियो में उन्होंने कहा कि रात एक बजे की उनकी फ़्लाइट थी और इमिग्रेशन चेक पर उन्हें पता चला कि उनका पासपोर्ट फ़्लैग कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह उन्हें देश से बाहर जाने से रोका गया। हालांकि, इस मामले पर सरकार या किसी आधिकारिक एजेंसी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और पासपोर्ट फ़्लैग किए जाने की आधिकारिक वजह की जानकारी भी नहीं मिल पाई है।

लंदन में मौजूद पत्रकार नाओमी कांटन ने एक्स पर दावा किया है कि सौरव दास को ऑक्सफ़र्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था, बल्कि ऑक्सफ़र्ड यूनियन में बोलने के लिए बुलाया गया था, जो एक अलग और स्वतंत्र रूप से संचालित डिबेट कराने वाली संस्था है और यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।

सीजेपी की क़ानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने सौरव दास की पोस्ट साझा करते हुए अपना वीज़ा रिजेक्ट किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऑक्सफ़र्ड यूनियन ने उन्हें और सौरव दास दोनों को आमंत्रित किया था। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी इस मुद्दे पर एक्स पर पोस्ट कर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

बता दें कि संविधान के अनुच्छेद 19(1) के किसी भी प्रावधान के तहत विदेश जाने का साफ़ अधिकार नहीं है। पासपोर्ट अधिनियम की धारा 10(3)(सी) पासपोर्ट ज़ब्त करके विदेश जाने के अधिकार पर प्रतिबंध लगाने की अनुमति देती है। पासपोर्ट फ़्लैग करने का आमतौर पर मतलब इमिग्रेशन या सुरक्षा एजेंसियों के डेटाबेस में किसी पासपोर्ट के साथ एक ख़ास अलर्ट जोड़ना होता है, जिससे इमिग्रेशन के वक़्त पता चल जाता है कि उस शख़्स की अतिरिक्त जांच या उसके संबंध में कोई कार्रवाई करने की ज़रूरत है।