सोनभद्र में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले कई पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की नई तैनाती तथा तबादले किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टाक का स्थानांतरण पुलिस मुख्यालय से लखनऊ हो गया है, जबकि मऊ में तैनात अनूप कुमार सोनभद्र में नए अपर पुलिस अधीक्षक होंगे।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से दो क्षेत्राधिकारी, एक निरीक्षक और एक उपनिरीक्षक सहित कुल चार पुलिस अधिकारियों की स्थानांतरण/नवीन तैनाती की है। गैर जनपद स्थानांतरण के कारण दो निरीक्षकों को कार्यमुक्त किया गया है।

क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी को दुद्धी से पिपरी का क्षेत्राधिकारी बनाया गया है। उनके क्षेत्राधिकार में थाना पिपरी, अनपरा और शक्तिनगर शामिल होंगे, साथ ही उन्हें साइबर थाना/साइबर सेल, पुलिस आधुनिकीकरण एवं सामुदायिक पुलिसिंग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। पुलिस उपाधीक्षक अजय सिंह चौहान को क्षेत्राधिकारी दुद्धी नियुक्त किया गया है, जिनके क्षेत्राधिकार में थाना दुद्धी, विण्ढमगंज, म्योरपुर, बभनी एवं बीजपुर शामिल होंगे।

निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह को प्रभारी आइजीआरएस/जनसुनवाई सेल से प्रभारी निरीक्षक थाना शक्तिनगर बनाया गया है, जबकि उपनिरीक्षक अतुल कुमार प्रजापति को पीआरओ पुलिस अधीक्षक से थानाध्यक्ष अनपरा नियुक्त किया गया है। शक्तिनगर थाना के निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय और अनपरा थानाध्यक्ष राजेश चौबे का गैर जनपद में स्थानांतरण होने के बाद उन्हें यहां से कार्यमुक्त कर दिया गया है। लगभग दो माह पहले बांदा से आईं अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टाक का स्थानांतरण लखनऊ हो गया है और उनकी जगह मऊ से अनूप कुमार यहां आने वाले हैं।