विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग ने गोरखपुर में गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती मंडलों के 11 जिलों की समीक्षा की। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई इस बैठक में चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए जीरो एरर (शून्य त्रुटि), जीरो वायलेंस (शून्य हिंसा) और जीरो इंड्यूसमेंट (शून्य प्रलोभन) का लक्ष्य तय किया गया। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा समेत आयोग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने प्रशासन और पुलिस को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। समीक्षा में मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान केंद्रों की सुविधाओं, ईवीएम-वीवीपैट के प्रबंधन, कार्मिकों के प्रशिक्षण और कानून-व्यवस्था पर चर्चा हुई। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर तैयारियों की नियमित समीक्षा करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदेय स्थलों की पहचान कर सुरक्षा की प्रभावी योजना बनाने तथा सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें करने के निर्देश भी दिए गए। विगत चुनावों के अनुभव के आधार पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की उपलब्धता और तैनाती की रणनीति तैयार करने को कहा गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। कैमरों की व्यवस्था और निगरानी के लिए प्रशिक्षित कार्मिक तैनात होंगे। मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, फर्नीचर, महिला-पुरुष के लिए अलग शौचालय, दिव्यांगों के लिए रैंप और सुगम पहुंच जैसी न्यूनतम सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। खासकर युवा और महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। दोहरी प्रविष्टियों, मृतक, अनुपस्थित और स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन कर अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार निस्तारण होगा। बीएलओ और सुपरवाइजर से टेबल टॉप एक्सरसाइज कराकर सूची की गहन जांच कराई जाएगी और चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। टीम शुक्रवार को विंध्याचल और आजमगढ़ मंडल के छह जिलों की समीक्षा करेगी।