तिरुवनंतपुरम: केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने दावा किया है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। संविधान दिवस के एक कार्यक्रम में बोलते हुए सतीशन ने कहा कि इसी वजह से वह कभी-कभी निगरानी करने वालों को गुमराह करने के इरादे से गलत बातें भी कह देते हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कथित फोन टैपिंग के पीछे कौन है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कॉलेज के दिनों में उन्होंने जॉर्ज ऑरवेल का काल्पनिक उपन्यास '1984' पढ़ा था, जिसमें सरकार द्वारा नागरिकों पर व्यापक निगरानी रखने का जिक्र है। उन्होंने बताया कि इस किताब को पढ़ने के बाद उन्हें एक महीने तक तनाव और असुरक्षा की भावना बनी रही।
सतीशन ने 'फ्रीडम टू थिंक' नामक एक नई किताब का जिक्र करते हुए दावा किया कि आज के दौर में लोगों को अपने फैसले खुद लेने की आजादी नहीं है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव के चलते किसी व्यक्ति के फैसले उसके अपने नियंत्रण में नहीं रहते, बल्कि कोई और उन्हें नियंत्रित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉल या सुपरमार्केट में जाने पर कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाती है। उनके मुताबिक, एआई के जरिए लोगों के व्यवहार और तौर-तरीकों का विश्लेषण किया जाता है, और गाड़ी तक पहुंचने से पहले ही उनकी पसंद के उत्पादों के विज्ञापन फोन पर पहुंचने लगते हैं। सतीशन ने कहा कि इस तरह हम ऐसे दौर में पहुंच गए हैं, जहां हमें क्या खाना चाहिए या क्या सोचना चाहिए, यह भी कोई और तय कर रहा है।
