चीन की ओर से ब्रह्मपुत्र नदी पर दुनिया का सबसे बड़ा बांध बनाने की योजना के बीच अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपरपज प्रोजेक्ट चर्चा में है। इस परियोजना को लेकर विवाद बढ़ रहा है और स्थानीय लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। 23 अक्तूबर को विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने परियोजना को राष्ट्रीय महत्व का बताया और कहा कि यह अरुणाचल प्रदेश के विकास, देश की ऊर्जा सुरक्षा और राज्य की आर्थिक स्थिति के लिए जरूरी है। शाह ने सियांग के लोगों की चिंताओं और आशंकाओं को समझने की बात कहते हुए भरोसा दिलाया कि सभी संबंधित पक्षों के साथ सकारात्मक बातचीत की जाएगी।
यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिले में सियांग नदी के आसपास प्रस्तावित है। सियांग नदी ब्रह्मपुत्र की मुख्य धारा है, जिसे अरुणाचल में सियांग कहा जाता है। इस नदी का उद्गम तिब्बत में कैलाश पर्वत के पास होता है, जहां इसे यारलुंग त्सांगपो कहा जाता है। तिब्बत में 1 हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय करने के बाद यह नदी नामचा बरवा पर्वत के पास एक बड़े घुमाव से गुजरते हुए अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करती है। असम पहुंचने पर इसमें दिबांग और लोहित नदियां मिलती हैं, जिसके बाद इसे ब्रह्मपुत्र के नाम से जाना जाता है।
सियांग अपर प्रोजेक्ट को भारत की जल और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने चेतावनी दी है कि भविष्य में युद्ध या तनाव की स्थिति में चीन इस विशाल बांध से अचानक भारी मात्रा में पानी छोड़कर इसे भारत के खिलाफ एक वॉटर बम की तरह इस्तेमाल कर सकता है। ऐसे में भारत की यह परियोजना चीन की गतिविधियों से पैदा होने वाले संभावित जोखिमों का मुकाबला करने की रणनीति का प्रमुख हिस्सा मानी जा रही है।