पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें TMC छोड़कर भाजपा में जाने की सलाह दी थी। शुभेंदु ने मंगलवार को कोलकाता में एक समिट के दौरान यह बात कही। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति बनने के बाद जब वे प्रणब मुखर्जी से मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे, तब दोनों के बीच यह बातचीत हुई थी। शुभेंदु के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि सोचिए कि आप क्या करना चाहते हैं। TMC बुआ-भतीजे की पार्टी है, अगर कर्मचारी बनकर रहना चाहते हैं तो यहीं रहिए, और अगर अपने दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो मोदीजी के साथ जाइए। अधिकारी ने प्रणब मुखर्जी को अपना 'ओरिजिनल एडवाइजर' बताया और कहा कि वे अभिभावक की तरह थे। प्रणब मुखर्जी का अगस्त 2020 में निधन हुआ था। जब शुभेंदु से पूछा गया कि यह बातचीत कब हुई थी, तो उन्होंने तारीख बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं हैं और उनके बयान से विवाद हो सकता है, इसलिए वे इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते।
प्रणब मुखर्जी के बेटे अभिजीत मुखर्जी ने शुभेंदु के इस दावे को गलत बताया है। अभिजीत ने X पर पोस्ट कर कहा कि शुभेंदु उस समय इतने जूनियर थे कि प्रणब मुखर्जी उन्हें ऐसी कोई सलाह देते। अभिजीत ने यह भी आरोप लगाया कि शुभेंदु सरकार ने बीरभूम के मिराती गांव में दुर्गा पूजा की 130 साल पुरानी परंपरा बंद कराने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि कंडोर में पानी नहीं होने के कारण इस साल कोलाबौ स्नान और दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन नहीं हो सका और इसके लिए उन्होंने सिंचाई विभाग, बीरभूम को जिम्मेदार बताया।
TMC सांसद सौगत रॉय ने भी शुभेंदु के दावे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शुभेंदु TMC छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और अब इसके पीछे प्रणब मुखर्जी की सलाह का हवाला दे रहे हैं, लेकिन प्रणब मुखर्जी अब जीवित नहीं हैं। ऐसे में यह कैसे पता चलेगा कि मुख्यमंत्री सच बोल रहे हैं या नहीं।
बता दें कि शुभेंदु अधिकारी को TMC में ममता बनर्जी के बाद सबसे ताकतवर नेताओं में गिना जाता था। उन्होंने 2009 और 2014 में तमलुक लोकसभा सीट से चुनाव जीता और 2016 में नंदीग्राम से विधायक बने। ममता सरकार में उनके पास परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी थी। पार्टी में अभिषेक बनर्जी का कद बढ़ने के साथ शुभेंदु और TMC नेतृत्व के बीच मतभेद बढ़ने लगे। नवंबर 2020 में उन्होंने परिवहन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और दिसंबर 2020 में भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में आने के बाद शुभेंदु ने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को करीब 1,956 वोटों से हराया और उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया। शुभेंदु के नेतृत्व में भाजपा ने 2026 का बंगाल विधानसभा चुनाव जीता, जिसके बाद वे मुख्यमंत्री बने।
