बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर नई चर्चा के बीच पश्चिम बंगाल से भाजपा विधायक स्वपन मजूमदार ने संकेत दिया है कि वह पेत्रापोल बॉर्डर के रास्ते बांग्लादेश में दाखिल हो सकती हैं। हसीना पिछले दो साल से अधिक समय से भारत में निर्वासित जीवन व्यतीत कर रही हैं और उन्होंने दिसंबर में स्वदेश लौटने का ऐलान किया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हसीना के समर्थकों ने संभावित वापसी को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। आवामी लीग पेत्रापोल के अलावा कई अन्य एंट्री प्लाइंट्स का जायजा ले रही है। पेत्रापोल उत्तर 24 परगना का इलाका है, जिसके दूसरी तरफ बांग्लादेश का बेनापोल है। हालांकि, वापसी की तारीख को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
भाजपा विधायक स्वपन मजूमदार ने कहा कि शेख हसीना पेत्रापोल बॉर्डर के जरिए बांग्लादेश में दाखिल हो सकती हैं और वह दिन दूर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में कुछ लोगों ने गैर-कानूनी तरीके से सरकार बनाई है और पूर्ववर्ती यूनुस सरकार ने विदेशी ताकतों के साथ हाथ मिलाकर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को उखाड़ फेंका था।
शुभेंदु अधिकारी सरकार में मंत्री अशोक कीर्तानिया ने भी शेख हसीना का समर्थन किया और आवामी लीग समर्थकों से अपील की कि जिस दिन हसीना बांग्लादेश लौटें, उस दिन वे भी वहां पहुंचें। उधर, तारिक रहमान सरकार ने कहा है कि हसीना के बांग्लादेश लौटने पर उनके खिलाफ चल रहे मामलों को तेजी से पूरा कर उचित कार्रवाई की जाएगी। हसीना के खिलाफ नरसंहार के मामले भी चल रहे हैं।
