गुवाहाटी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को व्यस्त सड़क के नीचे बने नाले से बाहर निकाला गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की इमारत के सामने बने नाले में हुई। बताया जा रहा है कि वह काफी दिनों से वहां पड़ा हुआ था। इलाका काफी व्यस्त रहता है और वाहनों की आवाजों के बीच फुटपाथ से गुजर रहे लोगों को नाले से किसी के मदद मांगने की हल्की आवाज सुनाई दी। एक व्यक्ति ने झांककर देखा तो एक युवक बेहद दयनीय हालत में वहां मिला।
राहगीरों ने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। नाले के ऊपर चल रहे इस रेस्क्यू को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई। लोगों के बीच यह जानने की उत्सुकता थी कि इतने व्यस्त इलाके में कोई व्यक्ति इतने लंबे समय तक नाले में कैसे रह सकता है। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू की व्यवस्था की और थोड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए बताया कि व्यक्ति की हालत देखकर लग रहा था कि वह काफी दिनों से नाले में फंसा हुआ था। नाले से बाहर निकाले जाने के बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया। अब उसकी पहचान और तलाश की जा रही है।
मामला चर्चा में आने के बाद पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि एक युवक के काफी दिनों से नाले में फंसे होने की जानकारी सामने आई थी। फिलहाल उसकी पहचान और फंसने के पीछे की वजह की जानकारी जुटाई जा रही है। सुखद बात यह है कि स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली, हालांकि यह सवाल बना हुआ है कि इतनी व्यस्त जगह पर एक व्यक्ति इतने लंबे वक्त तक नाले में कैसे रहा।
