रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज (एनडीसी) के 66वें पाठ्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक शक्ति संतुलन बदल रहा है और रणनीतिक प्रभाव के नए केंद्र उभर रहे हैं। पारंपरिक गठजोड़ और साझेदारियां भी नए सिरे से आकार ले रही हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि संघर्ष का स्वरूप भी बदल रहा है। पारंपरिक सैन्य खतरों के साथ-साथ अब साइबर हमले, दुष्प्रचार, आर्थिक दबाव, आपूर्ति श्रृंखला में बाधा और हाइब्रिड युद्ध के अन्य रूप भी सामने आ रहे हैं। आंतरिक और बाहरी सुरक्षा तथा शांति और संघर्ष के बीच की सीमाएं लगातार धुंधली हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत की भौगोलिक स्थिति, लंबी जमीनी सीमाएं, समुद्री हित और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियां उसे जटिल रणनीतिक वातावरण में रखती हैं। ऐसे में उभरते जोखिमों का अनुमान लगाना और भविष्य के सुरक्षा माहौल के लिए संस्थानों को तैयार करना भी जरूरी है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसले लेने वाले नेताओं के पास हमेशा सारी जानकारी नहीं होती और न ही हर विकल्प पर विचार करने का पर्याप्त समय होता है। ऐसे में विवेकपूर्ण निर्णय लेने और उनके सैन्य, आर्थिक, कूटनीतिक व संस्थागत प्रभावों को ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने आईआईटी मद्रास के सहयोग से रणनीतिक नेतृत्व और लोक नीति में कार्यकारी एमबीए कार्यक्रम शुरू किए जाने को महत्वपूर्ण कदम बताया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि 1960 में स्थापना के बाद से राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज भारत के प्रमुख रणनीतिक अध्ययन संस्थान के रूप में विकसित हुआ है और इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने एआई, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, मानवरहित स्वायत्त वाहन, एयरोस्पेस तकनीक और सेमीकंडक्टर जैसी उभरती तकनीकों पर विशेष सत्र शुरू किए जाने की सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि कॉलेज रक्षा मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श कर हर पाठ्यक्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा की कुछ अहम और समसामयिक चुनौतियों की पहचान कर उनके गहन अध्ययन की व्यवस्था विकसित कर सकता है।