पंजाब में पिछले कुछ महीनों में गोलीबारी और हत्या की कई घटनाओं के बाद लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। तरन तारन ज़िले के खेमकरण में 28 अक्टूबर को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए गए गुरसेवक सिंह की पत्नी राजविंदर कौर कहती हैं कि उनकी तीन बेटियां घर से बाहर निकलने से डरती हैं। गुरसेवक अप्रैल में अमेरिका से पंजाब लौटे थे और यहां आढ़त और खेती का काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक़, थार गाड़ी में सवार दो लोगों ने उनकी कार का पीछा कर गोलियां चलाई थीं, जिसमें गुरसेवक और उनके साथी हरकिरत सिंह तथा सजनप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान गुरसेवक की मौत हो गई।
इसी तरह लुधियाना में 21 और 22 अक्टूबर की दरम्यानी रात एक जन्मदिन की पार्टी में गोली लगने से राहुल शर्मा की मौत हो गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच और एफआईआर के मुताबिक़, राहुल को दो गोलियां लगी थीं। उनके पिता कुलदीप कुमार शर्मा की शिकायत पर नौ लोगों के ख़िलाफ़ हत्या का मामला दर्ज किया गया था, जिनमें अखिल जोशी और गगनदीप सिंह अरोड़ा उर्फ़ गगन अरोड़ा भी शामिल थे। पुलिस ने बाद में गगन, सागर और सक्षम नाम के तीन अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया था। राहुल की पत्नी दीपिका शर्मा का आरोप है कि पुलिस अब इसे ग़लती से गोली चलने का मामला बनाने की कोशिश कर रही है और बाक़ी अभियुक्तों को पकड़ने की कोशिश नहीं हो रही।
दोनों परिवार अपनों की मौत के लिए पंजाब की क़ानून-व्यवस्था और सरकार को ज़िम्मेदार मानते हैं। उनका कहना है कि अभियुक्तों को क़ानून का डर नहीं है और लोग खुलेआम गोलियां चला रहे हैं। राजविंदर कौर कहती हैं कि अगर सरकार की मंशा हो तो ऐसा नहीं हो सकता। दीपिका कहती हैं कि अगर सरकार ने अच्छे क़ानून बनाए होते तो ऐसा नहीं होता। इन घटनाओं के बीच पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने हाल ही में दावा किया था कि राज्य में अपराध की स्थिति पड़ोसी राज्यों के मुक़ाबले बेहतर है। हालांकि, एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक़ पंजाब में हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले बढ़े हैं।
