गोवा पुलिस की मादक पदार्थ निरोधक इकाई ने मंगलवार को गुजरात के सूरत निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, पोरवोरिम में उसकी कार से एक किलोग्राम से अधिक संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, आरोपी की पहचान 31 वर्षीय रुचितकुमार वेकारिया के रूप में हुई है। विशेष सूचना के आधार पर 23 और 24 नवंबर की दरमियानी रात पोरवोरिम की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में छापा मारा गया, जिसके दौरान उसे गिरफ्तार किया गया।
बयान के अनुसार, आरोपी की कार में छिपाकर रखे गए पारदर्शी पॉलीथिन पैकेट से 1,052.9 ग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। इसमें हरे रंग के पत्तेदार पदार्थ के साथ फूल और फल वाले ऊपरी हिस्से शामिल थे।
इस मामले में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मादक पदार्थ निरोधक पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने और तस्करी के नेटवर्क में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।