प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की यात्रा पर फ़िलीपींस पहुंच गए हैं, जहां वे आसियान सम्मेलन में शामिल होंगे। फ़िलीपींस की राजधानी मनीला में इस सम्मेलन के साथ क्वॉड सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है। क्वॉड में प्रधानमंत्री मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के शामिल होने की उम्मीद है।

अमेरिकी विदेश विभाग के सहायक सचिव डायलन जॉनसन ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अगले सप्ताह होने जा रहे आसियान के दौरान क्वॉड नेताओं के सम्मेलन को औपचारिक रूप देने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पिछले दो साल में क्वॉड देशों के विदेश मंत्रियों के साथ पांच बैठकें की हैं, जिनमें से तीन पिछले छह महीनों में हुई हैं। क्वॉड देशों के प्रतिनिधि हर महीने बातचीत करते हैं। मंगलवार, 17 नवंबर को मनीला में क्वॉड सम्मेलन होने की उम्मीद है, जबकि गुरुवार, 19 नवंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शेनजेन में मुलाक़ात करेंगे। विश्लेषक इसे वैश्विक राजनीति का व्यस्त समय मान रहे हैं, जब बड़ी ताक़तों के बीच संबंधों और रणनीतिक समीकरणों में तेज़ी से बदलाव हो रहे हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक लेख में अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार सी राजामोहन तर्क देते हैं कि बड़ी ताक़तें अपने हितों के मुताबिक़ एक-दूसरे के साथ संतुलन बनाने और मोलभाव करने में लगी हैं। ऐसे में मनीला का क्वॉड सम्मेलन भारत के लिए अहम अवसर हो सकता है। क्वॉड भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का समूह है, जिसे औपचारिक सैन्य गठबंधन के बजाय हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग के रणनीतिक मंच के रूप में देखा जाता है। इसकी प्राथमिकताओं में समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, तकनीक, आर्थिक सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखलाओं को मज़बूत करना शामिल है।

ऑब्ज़र्वर रिसर्च फ़ाउंडेशन में उपाध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार हर्ष वी पंत का मानना है कि क्वॉड के ज़रिए भारत महत्वपूर्ण खनिजों के मामले में चीन पर अपनी निर्भरता कम करने की कोशिश कर सकता है। उनके मुताबिक़, लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और रेयर अर्थ जैसे खनिजों की वैश्विक आपूर्ति में चीन की बड़ी भूमिका है, और चीन जैसे ताक़तवर देश इस निर्भरता को हथियार की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं, इसलिए भारत को अपनी साझेदारियों में विविधता लानी चाहिए। पंत कहते हैं कि क्वॉड में भारत की मौजूदगी इस समूह को ख़ास बनाती है, क्योंकि बाकी तीनों देश पहले से एक-दूसरे के पारंपरिक सहयोगी हैं। उनके अनुसार भारत क्वॉड को सुरक्षा गठबंधन के बजाय सहयोग के मंच के रूप में देखता है और इसके ज़रिए रणनीतिक विविधीकरण का रास्ता अपना सकता है।