प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद 12 साल में उनकी विदेश यात्राओं पर 900 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा में पूछे गए सवालों के जवाब में यह जानकारी दी है। यह आंकड़ा जून 2014 से जुलाई 2026 तक का है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने 81 देशों के 183 दौरे किए।

मंत्रालय के मुताबिक, ऐसे उच्चस्तरीय दौरे देशों के साथ संबंध मजबूत करने और द्विपक्षीय, क्षेत्रीय व वैश्विक स्तर पर भारत की भागीदारी बढ़ाने के लिए किए जाते हैं। खर्च को लेकर मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री जब किसी देश के दौरे पर जाते हैं तो उन्हें उस देश का मेहमान माना जाता है और मेजबान सरकार उनके ठहरने व दूसरी सुविधाओं का खर्च उठाती है। हालांकि, साथ जाने वाले अधिकारियों, सुरक्षा व्यवस्था और मीडिया प्रतिनिधिमंडल पर भारत सरकार खर्च करती है।

मार्च 2025 में दिए एक अलग जवाब में मंत्रालय ने 2022 से 2024 के बीच के खर्च का ब्योरा दिया था। इसके मुताबिक, तीन साल में ठहरने की व्यवस्था पर करीब 104 करोड़ रुपये, अन्य खर्चों पर 75.7 करोड़ रुपये और परिवहन पर 71 करोड़ रुपये खर्च हुए। कार्यक्रम स्थलों तथा सुरक्षा और उपकरणों पर करीब 4-4 करोड़ रुपये खर्च किए गए। हालांकि, पूरे 12 साल का ऐसा विस्तृत ब्योरा उपलब्ध नहीं है, इसलिए हर दौरे पर हुए कुल खर्च के आंकड़ों को आधार बनाया गया है।

इस साल जुलाई तक प्रधानमंत्री 16 विदेश दौरे कर चुके थे, जिन पर कम से कम 74.6 करोड़ रुपये खर्च हुए। इसमें पिछले तीन दौरों का खर्च शामिल नहीं है, क्योंकि उनका ब्योरा सार्वजनिक रिकॉर्ड में नहीं है। 12 साल के कार्यकाल में सबसे ज्यादा विदेश दौरे 2015 में हुए, जब उन्होंने 28 बार यात्रा की। उस साल खर्च 91.5 करोड़ रुपये था, जबकि 2025 में 23 देशों की यात्राओं पर कम से कम 187.8 करोड़ रुपये खर्च हुए। प्रधानमंत्री ने सबसे अधिक 10 बार अमेरिका की यात्रा की है, जबकि संयुक्त अरब अमीरात, जापान और फ्रांस की आठ-आठ बार यात्रा की है।