पाकिस्तान में इस साल के पहले 10 महीनों के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय की 84 महिलाओं और लड़कियों के अपहरण, जबरन मतांतरण और विवाह के मामले सामने आए हैं। अल्पसंख्यक अधिकार संगठन वॉयस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी (वीओपीएम) ने गुरुवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। संगठन के अनुसार, पीड़ितों में 49 ईसाई और 35 हिंदू महिलाएं एवं लड़कियां शामिल हैं, जिनमें 43 नाबालिग हैं। छह लड़कियों की उम्र 14 वर्ष से भी कम बताई गई है।
वीओपीएम के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक 47 मामले पंजाब प्रांत में दर्ज हुए, जिनमें अकेले लाहौर में 18 घटनाएं सामने आईं। सिंध में 36 और बलूचिस्तान में एक मामला दर्ज किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, 2021 से 2025 के बीच पाकिस्तानी अधिकारियों ने अल्पसंख्यक महिलाओं के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन के 515 मामले दर्ज किए। हालांकि, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का मानना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। वीओपीएम ने आरोप लगाया कि पुलिस और अदालतों की धीमी कार्रवाई से पीड़ित परिवारों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। संगठन के अनुसार, कई परिवार बदले की कार्रवाई के डर और न्याय व्यवस्था पर भरोसा न होने के कारण शिकायत दर्ज तक नहीं कराते।
वीओपीएम ने पाकिस्तानी सरकार से सभी मामलों की तत्काल जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और नाबालिगों के जबरन धर्म परिवर्तन एवं विवाह को रोकने के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग की है।
