ईरान में मौत की सज़ा का सामना कर रही 21 साल की तारानेह रहीमी और उनकी जुड़वां बहन रोमिना के परिवार ने जेल से मदद की गुहार लगाई है। उनके कज़िन मसूद नूरमोहम्मदी ने बताया कि हाल के हफ़्तों में पिटाई के कारण तारानेह ठीक से चल नहीं पा रही हैं और सिर की चोट का इलाज न होने से हुए कान के इन्फ़ेक्शन ने उनके शरीर का संतुलन बिगाड़ दिया है। उनका कहना है कि तारानेह "हिम्मत बनाए हुए हैं" लेकिन कुछ दिन ऐसे भी आते हैं जब वह रो पड़ती हैं।
नूरमोहम्मदी के मुताबिक़, जनवरी में देश भर में हुए सरकार-विरोधी प्रदर्शनों में शामिल होने के बाद दोनों बहनों को गिरफ़्तार किया गया था। अमेरिका से बात करते हुए उन्होंने बताया कि जेल में पहली मुलाक़ात के दौरान बहनों की मां उन्हें सिर्फ़ आवाज़ से पहचान पाईं, क्योंकि चेहरा बुरी तरह सूजा हुआ था, शरीर पर काफ़ी चोटें थीं और बाल भी नोच लिए गए थे। उनका आरोप है कि पूछताछ करने वालों ने धमकी दी थी कि उनकी बहन के साथ उनके सामने ही रेप किया जाएगा, जिसके बाद तारानेह ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कागज़ पर दस्तख़त कर दिए।
ईरान के लिए संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार रिपोर्टर माई सातो के मुताबिक़, तारानेह उन छह महिलाओं में से एक हैं जिन्हें इस साल जनवरी के विरोध-प्रदर्शनों के सिलसिले में मौत की सज़ा सुनाई गई है। सज़ा से जुड़े दस्तावेज़ का एक हिस्सा देखा गया है, जिसमें कहा गया है कि तारानेह को 'मोहारेबेह' का दोषी ठहराया गया था। सातो के अनुसार, रोमिना को इसी अपराध में मदद और उकसाने के कम गंभीर आरोप में 25 साल की जेल की सज़ा सुनाई गई। नूरमोहम्मदी का कहना है कि दोनों महिलाओं ने सभी आरोपों से इनकार किया है और इस बात का कोई सबूत नहीं है कि तारानेह के पास कोई धारदार हथियार था।
एमनेस्टी इंटरनेशनल की ईरान रिसर्चर राहा बहरीनी का कहना है कि राजनीतिक कारणों से दी जाने वाली मौत की सज़ाओं में "भयानक बढ़ोतरी" हुई है। लंदन में ईरान के दूतावास ने बताया कि विरोध-प्रदर्शन से जुड़े मामलों में मौत की सज़ा के इस्तेमाल में बढ़ोतरी के दावे "गुमराह करने वाले" हैं। उसने यातना देने के आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा कि "जनवरी 2026 के दंगे" के सिलसिले में मौत की सज़ा उन मामलों में सुनाई गई जिनमें "जान-बूझकर हत्या" या "मोहारेबेह" शामिल था। अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी (एचआरएएनए) का कहना है कि उसने बाद में हुई कार्रवाई में मारे गए 7,000 से ज़्यादा लोगों की पहचान की है, जबकि ईरानी सरकार के मुताबिक़ मरने वालों की कुल संख्या 3,117 थी।
