मध्य प्रदेश के रायसेन ज़िले में नर्मदा नदी के किनारे बसे पतई गांव के पास पतई घाट पर बच्चों को ज़मीन से बाहर निकले कुछ दांत मिले। 10 नवंबर की सुबह अरुण नौरिया और उनके साथ के बच्चे खेलने गए थे, जब उन्होंने मिट्टी हटाकर एक बड़े जबड़े जैसी आकृति देखी। सूचना सरकारी दफ़्तरों तक पहुंची और इस छोटी-सी खोज ने वैज्ञानिकों का ध्यान नर्मदा घाटी के उस हिस्से की ओर खींचा, जहां लाखों साल पुराने जीवाश्म ज़मीन के भीतर दबे हो सकते हैं।

शुरुआती जांच करने वाले वैज्ञानिकों ने संभावना जताई है कि यह जबड़ा किसी प्राचीन हाथी या उस जैसे जीव का है। मध्य प्रदेश के डॉ. रवि उपाध्याय, जिन्होंने इस जीवाश्म की शुरुआती जांच की है, के मुताबिक इसकी बनावट प्राचीन हाथी जैसे जीव से मेल खाती है और अभी तक बहुत ज़्यादा संभावना है कि यह विलुप्त पैलियोलॉक्सोडॉन नमाडिकस प्रजाति का जीवाश्म है। शोधकर्ताओं के मुताबिक इसकी लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है। जबड़े में दांतों की कतारों को देखकर लगता है कि यह पूरी तरह विकसित वयस्क जीव नहीं था।

जीवाश्म की उम्र को लेकर वैज्ञानिकों के शुरुआती अनुमान अलग-अलग हैं। डॉ. उपाध्याय का शुरुआती अनुमान है कि यह करीब चार से पांच लाख साल पुराना हो सकता है, जबकि भोपाल स्थित बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त जेनेटिक्स प्रोफेसर डॉ. एचके गोस्वामी का अनुमान है कि इसकी उम्र करीब सात से आठ लाख साल हो सकती है। दोनों का कहना है कि बिना वैज्ञानिक जांच के उम्र को लेकर कोई अंतिम दावा नहीं किया जा सकता। उम्र पता करने के लिए दांतों और आसपास की मिट्टी के नमूनों की रेडियोमेट्रिक डेटिंग जैसी तकनीकों से जांच करनी होगी।

वैज्ञानिकों का मानना है कि पतई घाट पर मिला यह जीवाश्म अकेली खोज नहीं हो सकती। डॉ. उपाध्याय के मुताबिक मौजूदा जगह से करीब एक किलोमीटर के दायरे में ज़मीन की अलग-अलग परतें मौजूद हैं, जिनमें अलग-अलग समय के जीवों के जीवाश्म दबे हो सकते हैं। नर्मदा घाटी में पहले गैंडे, दरियाई घोड़े और घोड़ों जैसे जीवों के जीवाश्म मिल चुके हैं। डॉ. गोस्वामी का कहना है कि नर्मदा घाटी मानव विकास के इतिहास को समझने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।