राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि मानव जाति अकेले सुखी नहीं रह सकती। पूरा संसार सुखी होगा, पर्यावरण स्वस्थ और प्रसन्न रहेगा, तभी मानव सुखी होगा। भागवत दिल्ली में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की किताब ‘करुणानायक राम’ के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। समारोह में भूटान के शाही परिवार की राजमाता और राजकुमारी भी मौजूद थीं।
भागवत ने अपने संबोधन में राम और रावण के बीच के अंतर और धर्म पर बात की। उन्होंने कहा कि जब हम महान व्यक्तियों का जीवन पढ़ते हैं तो हमारा ध्यान आमतौर पर इस बात पर रहता है कि उन्होंने क्या किया। हम उनके काम देखते हैं और उन्हें आदर्श मानते हैं।
राम-रावण के फर्क पर उन्होंने कहा कि रावण अहंकारी था, जबकि राम करुणा के प्रतीक थे। रावण को अपने बल, अपने ज्ञान और अपने साम्राज्य पर अहंकार था। वह ‘मैं और मेरा’ से आगे नहीं जा पाया। राम इसके ठीक उल्टे थे।
