आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे पीएसी में महानिदेशक के पद पर तैनात थे। नियुक्ति की खबर के बाद उनके पैतृक गांव अलीगढ़ के थाना बरला क्षेत्र के फुसावली में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने मिठाई बांटी।

आलोक सिंह का जन्म 1967 में इटावा में हुआ था, जहां उनके पिता एसपीओ (कोड इंस्पेक्टर) के पद पर कार्यरत थे और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर के आलोक सिंह ने आगरा के सेंट जोंस स्कूल से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई की। इसके बाद राजा बलवंत सिंह कॉलेज, आगरा से अर्थशास्त्र में एमए और जयपुर के एक विश्वविद्यालय से एमबीए किया। 1992 में उन्हें स्टेट बैंक में क्लर्क की नौकरी मिली।

परिवार के अनुसार, दीपावली के अवसर पर जब पूरा परिवार इकट्ठा था, तब उनकी बड़ी बहन नीरजा सिंह ने उन्हें बैंक की नौकरी करने पर ताना मारा और कहा कि बनना है तो आईपीएस बनो। उसी दिन उन्होंने आईपीएस बनने का संकल्प लिया, बैंक की नौकरी छोड़ी और दिल्ली के सरोज नगर में यूपीएससी की तैयारी शुरू की। 1995 में पहले ही प्रयास में वे आईपीएस अधिकारी बने।

आलोक सिंह गोरखपुर और सुल्तानपुर में एसएसपी रह चुके हैं। वे नोएडा पुलिस कमिश्नर और कानपुर में एडीजी के पद पर भी तैनात रहे। उनकी पत्नी आकांक्षा आईआरएस हैं। छोटे भाई योगेंद्र सिंह ने बताया कि आलोक सिंह चार दिन पहले अलीगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और वे अक्सर गांव आते रहते हैं।