राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि भारत की पहचान दूसरों पर हुक्म चलाने से नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े होने से है। उन्होंने कहा कि भारत ने कभी किसी देश पर अपना शासन नहीं थोपा, लेकिन उसका सांस्कृतिक प्रभाव दुनिया के कई हिस्सों तक पहुंचा है। भागवत बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
भागवत ने कहा कि दुनिया की ताकतवर शक्तियां भारत को तेजी से आगे बढ़ते देखना नहीं चाहतीं, क्योंकि वे अपना दबदबा बनाए रखना चाहती हैं और दूसरों को अपने हिसाब से चलाने में विश्वास करती हैं। उनके मुताबिक, भारत की सोच किसी को दबाने की नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की है। उन्होंने कहा कि भारत ने जरूरत पड़ने पर उन देशों की भी मदद की है, जिनके साथ उसके रिश्ते हमेशा अच्छे नहीं रहे। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि मालदीव में पानी की किल्लत पर भारत ने वहां पानी पहुंचाया, आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को वित्तीय मदद दी गई, नेपाल की पर्यावरण संबंधी समस्याओं में सहयोग किया गया और बांग्लादेश को भी सहायता दी गई। बाढ़ व भूकंप जैसी आपदाओं के दौरान पाकिस्तान की भी मदद की गई। उन्होंने कहा कि ताकत का इस्तेमाल कमजोरों की रक्षा और दुनिया में शांति कायम करने के लिए होना चाहिए।
भागवत ने कहा कि मानवता किसी एक देश की जागीर नहीं है, लेकिन भारत ने हमेशा इसकी रक्षा करने की जिम्मेदारी निभाई है। हाल के विदेश दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अलग-अलग धर्मों के कई लोगों ने यह उम्मीद जताई कि भारत दुनिया को आगे बढ़ने का रास्ता दिखा सकता है। उन्होंने कहा कि सफलता और असफलता के आधार पर किसी के प्रयासों का महत्व तय नहीं करना चाहिए और 1857 से 1947 तक चले स्वतंत्रता संघर्ष में शामिल हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण था। उनके मुताबिक, आज की युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से काफी हद तक बाहर निकल चुकी है और सच बोलने वालों का साथ देना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में अच्छा काम कर रहे लोगों के इरादों पर बेवजह शक करने के बजाय उनके काम से सीखना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) ने युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का सपना तभी पूरा होगा, जब युवा इसमें अपनी पूरी ताकत लगाएंगे। तीन दिवसीय पद्मा महोत्सव का आयोजन ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन की ओर से किया गया है, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले पद्म पुरस्कार विजेता शामिल हो रहे हैं।