मद्रास हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के सांसद सु. वेंकटेशन की जीवनशैली पर सवाल उठाए हैं। यह टिप्पणी अदालत में तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों के लिए किताबें खरीदने में कथित अनियमितताओं से जुड़ी एक अवमानना याचिका की सुनवाई के दौरान आई।

न्यायमूर्ति स्वामीनाथन ने कहा कि सांसद महंगी मर्सिडीज-बेंज कार से चलते हैं, ब्रांडेड कपड़े पहनते हैं और फर्स्ट एसी में सफर करते हैं, लेकिन वह उन्हें न्यायिक कर्तव्यों का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सांसद ने हाल ही में उनकी उस टिप्पणी पर सवाल उठाए थे, जिसमें उन्होंने कथित फर्जी किताबों की खरीद के प्रायश्चित के तौर पर पेरियार लाइब्रेरी में आध्यात्मिकता से जुड़ी किताबें रखने का सुझाव दिया था। इसी आलोचना के जवाब में न्यायाधीश ने सांसद की जीवनशैली का मुद्दा उठाया।

न्यायमूर्ति स्वामीनाथन ने करीब छह महीने पहले चेन्नई रेलवे स्टेशन पर हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वेंकटेशन खुद को कम्युनिस्ट नेता बताते हैं, लेकिन उनकी जीवनशैली इसके विपरीत नजर आती है। न्यायाधीश के मुताबिक, उन्होंने स्टेशन के बाहर एक मर्सिडीज-बेंज कार देखी थी और बाद में पता चला कि उससे सांसद वेंकटेशन बाहर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि किताबों की रॉयल्टी से ऐसी जीवनशैली चल सकती है या नहीं।

न्यायाधीश ने बताया कि वह चेन्नई से मदुरै जाने के लिए पांडियन एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचे थे, जहां सांसद वेंकटेशन से मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर स्लीपर क्लास में यात्रा करते हैं और उनकी सीट एस3 कोच में 23 नंबर पर थी, जबकि सांसद फर्स्ट एसी में सफर कर रहे थे। इसी अंतर का जिक्र करते हुए न्यायाधीश ने कहा कि सांसद उन्हें बता रहे हैं कि एक जज के तौर पर उन्हें क्या करना चाहिए। यह विवाद कोयंबटूर स्थित पेरियार अरिवुलागम लाइब्रेरी के लिए कथित फर्जी किताबों की खरीद से जुड़ा है।