कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल में अपनी संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के आधिकारिक विमोचन के दौरान राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते के कई निजी किस्से सुनाए। उन्होंने अपने जीवन के उस दौर की यादें साझा कीं, जब राजनीति और सत्ता उनके जीवन का हिस्सा नहीं थीं और उनकी दुनिया राजीव गांधी के साथ प्रेम, मुलाकातों और छोटी-छोटी खुशियों तक सीमित थी। कार्यक्रम में मौजूद लोग भी उनकी बातें सुनकर पुरानी यादों में खो गए।

कार्यक्रम में हार्पर कॉलिन्स इंडिया की कार्यकारी प्रकाशक पौलोमी चटर्जी ने सोनिया गांधी से राजीव गांधी के साथ के प्रेम को जादुई बताने के बारे में पूछा। सोनिया ने इससे सहमति जताई और पहली मुलाकात, कैंब्रिज में बिताए दिनों तथा शादी से पहले के रिश्ते के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जब राजीव भारत लौट आए थे और वह इटली चली गई थीं, तब दोनों रोज एक-दूसरे को पत्र लिखते थे। अलग-अलग देशों में रहने के दौरान डाक से चिट्ठियां पहुंचने में समय लगता था, इसलिए दोनों अपने पत्रों पर नंबर डालते थे, ताकि पता चल सके कि कौन सा पत्र पहले लिखा गया था। सोनिया ने उस दौर को अपने जीवन का बेहद खास समय बताया और कहा कि दूरी के बावजूद इन पत्रों से उनका रिश्ता लगातार मजबूत होता रहा।

सोनिया ने दिल्ली में बिताए शुरुआती वैवाहिक जीवन को बेहद शांत और अच्छा बताया। उस समय राजीव सिकंदराबाद में पायलट बनने की ट्रेनिंग ले रहे थे और उनके उड़ान कार्यक्रम के कारण सप्ताह में केवल दो उड़ानें होती थीं। सोनिया कभी-कभी उनके साथ जाती थीं और राजीव के पायलट दोस्तों से भी मिलती थीं। दिल्ली में दोनों इंडिया गेट पर आइसक्रीम खाने जाया करते थे। सोनिया ने हंसते हुए कहा कि उन दिनों यही उनका एकमात्र मनोरंजन था। उन्होंने वहां आइसक्रीम बेचने वाले एक पसंदीदा सरदारजी को भी याद किया, जो कई बार पैसे कम पड़ने पर अगले दिन पैसे देने की छूट दे देते थे।

शादी से पहले के बारे में सोनिया ने बताया कि राजीव बार-बार उनसे पूछते थे कि क्या उन्होंने अपने माता-पिता को रिश्ते के बारे में बताया है, लेकिन उनके लिए यह आसान नहीं था, क्योंकि उनके पिता काफी सख्त स्वभाव के थे। आखिरकार राजीव ने खुद उनके पिता से बात की और दोनों परिवारों की सहमति का इंतजार तनाव भरा रहा। बाद में सोनिया के पिता ने रिश्ते को मंजूरी देते हुए उनसे कहा था कि लड़के की आंखों में देखकर तुम उसके व्यक्तित्व को समझ सकती हो। सोनिया ने बताया कि उस समय इटली के कानून के अनुसार शादी के लिए उनकी उम्र 21 साल होना जरूरी था और उनके पिता ने उन्हें इटली लौटने के लिए वापसी का टिकट भी दिया था, ताकि वह वहां जाकर आगे के हालात देख सकें। हालांकि, सोनिया ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह कभी वापस नहीं गईं। कार्यक्रम में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हुए, जिनमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, कर्नाटक के डीके शिवकुमार और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद थे। सोनिया की यह किताब व्यक्तिगत जीवन और प्रेम की कहानी है, जिसमें राजनीति को मुख्य विषय के बजाय पृष्ठभूमि के रूप में रखा गया है।