कोच्चि की एर्नाकुलम मार्केट में एक सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थना स्थल) के सामने स्थित नर्सरी में आग लगाने के आरोपी एबिन पॉल को सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की अदालत ने एजेंसी की हिरासत में भेज दिया। पुथेनक्रुज के रहने वाले पॉल 27 नवंबर की शाम 5 बजे तक एनआईए की हिरासत में रहेंगे। पिछले महीने इस मामले में गिरफ्तार किए गए पॉल की हिरासत एजेंसी ने अदालत से मांगी थी।

एनआईए ने अदालत को बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने आगजनी की घटना को अंजाम देकर यहूदी समुदाय के बीच डर फैलाने की साजिश रची थी। एजेंसी का कहना है कि मामले की तह तक पहुंचने और साजिश में शामिल दूसरे लोगों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जरूरी है।

एजेंसी के मुताबिक, पॉल ने एसआर और विक्रम सिंह नाम से टेलीग्राम अकाउंट चलाने वाले लोगों और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची थी, जिसका मकसद देश की अखंडता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना और यहूदी समुदाय में दहशत फैलाना था। आरोप है कि पॉल ने हैंडलर्स के निर्देश पर सिनेगॉग के सामने वाले गेट में आग लगाई, घटना का वीडियो बनाया और उसे टेलीग्राम के जरिए भेज दिया।

एनआईए का दावा है कि आगजनी के करीब दो घंटे बाद पॉल के कूकॉइन अकाउंट में एक निजी क्रिप्टो वॉलेट के जरिए पैसे भेजे गए थे। एजेंसी के अनुसार, आरोपी ने हैंडलर्स के कहने पर मुवाट्टुपुझा में अवासा प्रॉपर्टीज और माई कार्स में भी आगजनी की थी और अब इन घटनाओं के आपसी संबंध की जांच की जा रही है। एजेंसी ने यह भी कहा कि आरोपी और उसके संपर्क में रहे लोगों ने पहचान छिपाने के लिए वीपीएन, एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग और निजी क्रिप्टो वॉलेट जैसे तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल किया, और इन डिजिटल माध्यमों से साजिश का पता लगाया जा रहा है।