बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के दौरान पत्नी जया बच्चन को लेकर एक मजेदार खुलासा किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े। अमिताभ ने बताया कि इतने बड़े घर में रहने के बावजूद उनके हिस्से में सिर्फ एक छोटा सा कमरा आता है, जबकि बाकी कमरे जया बच्चन के इस्तेमाल के लिए हैं।

शो के हालिया एपिसोड में अमिताभ बच्चन की मुलाकात कंटेस्टेंट दीपक से हुई, जिनका पेशा दीवारों पर सुंदर कलाकृतियां बनाना है। दीपक की बनाई कलाकृति देखकर अमिताभ काफी प्रभावित हुए और उन्होंने अपने कमरे की दीवारों पर भी ऐसी पेंटिंग बनवाने की इच्छा जताई। इसी बातचीत के दौरान उन्होंने मजाक में अपने घर के कमरों का किस्सा शेयर किया।

अमिताभ ने कहा, 'हम कमरा इस के लिए बोल रहे हैं, पतिदेव के लिए एक छोटा कमरा ही मिलता है और हमारे घर के सभी कमरे मैडम जी के लिए हैं।' उन्होंने बताया कि जया बच्चन के पास खाना खाने के लिए अलग कमरा और बैठने के लिए अलग कमरा है। अमिताभ ने यह भी बताया कि जया बच्चन को घर की दीवारों पर पेंटिंग करवाने का काफी शौक है और उन्होंने घर की बाहरी चारों दीवारों पर वारली पेंटिंग बनवाई हैं, जो बेहद खूबसूरत लगती हैं।

शो में अमिताभ की इन बातों से उनकी और जया बच्चन की घरेलू जिंदगी की एक दिलचस्प झलक देखने को मिली। बिग बी ने जिस अंदाज में अपने छोटे से कमरे का जिक्र किया, उससे 'KBC' का माहौल भी हल्का-फुल्का हो गया। उल्लेखनीय है कि अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की शादी 3 जून 1973 को हुई थी।