हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में 'वोट चोर गद्दी छोड़' का नारा लगाने के बाद इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक विवादों में घिर गए हैं। पिछले एक हफ्ते से जारी बयानबाजी के बीच उन्होंने इस मामले पर अपनी सफाई दी है। इंडिया टुडे से बात करते हुए उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका बयान भारत की घरेलू राजनीति में हस्तक्षेप करने के इरादे से नहीं था। उन्होंने कहा कि वह नारा भारतीय विपक्ष और वैश्विक लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ एकजुटता दिखाने के लिए था। फिलिबेक ने कहा कि किसी के साथ एकजुटता से खड़ा होना हस्तक्षेप नहीं होता। अपनी पार्टी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे दुनिया भर के समाजवादी और लोकतांत्रिक लोगों के साथ काम करते हैं और उनके विचार यूरोपीय सीमा तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में एक बड़ा सवाल खड़ा हुआ है और ऐसे में उनका कर्तव्य है कि वे राहुल गांधी जैसे उन लोगों के साथ खड़े हों जो इससे लड़ रहे हैं।
विवाद की शुरुआत हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में हुई, जहां फिलिबेक ने यह नारा लगाया। इस दौरान राहुल गांधी हंसते हुए नजर आए थे। भारतीय जनता पार्टी ने इसे देश का अपमान करार दिया और राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि एक विदेशी नेता देश की राजनीति का मजाक उड़ा रहा था, जबकि नेता प्रतिपक्ष खड़े होकर हंस रहे थे। इटली में प्रधानमंत्री मेलोनी की पार्टी ने भी फिलिबेक पर हमला बोला और कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को वोटिंग के बारे में ज्ञान देने की जरूरत नहीं है।
मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। अधिवक्ता सैयद रिजवान अहमद ने याचिका दायर कर मांग की है कि सोशल मीडिया से फिलिबेक द्वारा लगाए गए नारे का वीडियो हटाया जाए। अदालत ने इस मामले को 20 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। अहमद ने आरोप लगाया कि फिलिबेक ने सरकार की आलोचना करके और विपक्ष के प्रति खुला समर्थन व्यक्त करके भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और घरेलू राजनीति में सीधा हस्तक्षेप किया है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार प्रसारित हो रहा है।
कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चलाए गए अपने अभियान में इस नारे का इस्तेमाल करती है। दिल्ली में अपने आंदोलन के दौरान पार्टी ने इसका जोरदार तरीके से उपयोग किया था। इसके बाद हैदराबाद में एक समिट का आयोजन किया गया, जिसमें कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव फिलिबेक इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों में शामिल थे।
