ईरान में 14 वर्षीय किशोरी सोगंद मोश्तारेकी की उसके 20 वर्षीय पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी है। किशोरी ने कुछ दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। ईरान ह्यूमन राइट्स (IHR) के अनुसार, पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और इसके पीछे पारिवारिक विवाद को कारण बताया है।

आईएचआर के मुताबिक, केर्मन प्रांत की रहने वाली सोगंद ने अपने पति से अपने परिवार से मिलने जाने के लिए कहा था। संगठन ने बताया कि पति ने उसकी परिवार से बातचीत पर रोक लगा दी थी और जब वह घर से बाहर जाता था तो उसे घर के अंदर बंद कर देता था। आईएचआर ने कहा कि इस मामले ने ईरान में जबरन शादी के जानलेवा नतीजों को उजागर कर दिया है। सोगंद हाल ही में प्रसव के लिए ले जाए जाने के दौरान एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बची थी और उसने सुरक्षित बच्चे को जन्म दिया था।

सोगंद की मौत उसी दिन हुई, जिस दिन फार्स प्रांत की 21 वर्षीय गर्भवती महिला सेपिदेह रायसी की हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि सेपिदेह को भी जबरन शादी करने के लिए मजबूर किया गया था और उसके पति ने ही उसकी हत्या कर दी।

इस महीने की शुरुआत में ईरान में 19 साल की एक गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसे ऑनर किलिंग का मामला बताया जा रहा है। मृतक की पहचान हेलिया फत्ताही के रूप में हुई है। आरोप है कि एक युवक के साथ रिश्ते के चलते दो महीने की गर्भवती हेलिया को उसके माता-पिता ने लगभग 30 दौरे रोकने वाली गोलियां जबरदस्ती खिलाईं और बुरी तरह पीटा, फिर तकिए से उसका दम घोंटकर हत्या कर दी। यह घटना पश्चिमी ईरान के शहर सनंदाज में हुई। आरोपी माता-पिता वोरिया फत्ताही और लैला वेइस को अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है और उन्होंने हत्या करने की बात कबूल कर ली है। मानवाधिकार संगठन हेंगा और हाना ने इस हत्या को तथाकथित ऑनर किलिंग बताया है।