गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर देशभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने गुरु साहिब को नमन किया और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया को इंसानियत, प्रेम, सच्चाई और आपसी भाईचारे का रास्ता दिखा रही हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश और विदेश में रहने वाले भारतीयों को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने 'इक ओंकार' के संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि इसका भाव यही है कि पूरी मानवता एक है और समाज में जाति, ऊंच-नीच तथा किसी भी तरह के भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। राष्ट्रपति ने 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' की सीख को याद करते हुए कहा कि ईश्वर को याद करो, ईमानदारी से मेहनत करके कमाई करो और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ भी हिस्सा बांटो। उन्होंने लंगर की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि इसके जरिए गुरु नानक देव जी ने समाज में बराबरी, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की मिसाल पेश की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमेशा मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी और उनका संदेश ऐसे समाज बनाने की प्रेरणा देता है, जहां दया, आपसी मेलजोल और सभी के कल्याण को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाए। उन्होंने एक वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें कहा गया कि गुरु साहिब की बातें सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए आज भी उतनी ही जरूरी और प्रेरणादायक हैं। 'मोदी आर्काइव' हैंडल से साझा एक वीडियो में गुजरात के कच्छ के लखपत स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण की कहानी दिखाई गई, जो 26 जनवरी 2001 के भूकंप में तबाह हो गया था। वीडियो में प्रधानमंत्री के पुराने भाषण का अंश भी शामिल है, जिसमें उन्होंने इसे मानवता की अनमोल विरासत बताते हुए दोबारा उसी रूप में बनवाने का संकल्प जताया था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने दया, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देकर समाज को नई दिशा दिखाई। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने एक ओर ईश्वर के प्रति आस्था व सदाचार की ज्योति जलाई, वहीं दूसरी ओर भेदभाव मुक्त समाज, बंधुत्व और नारी सम्मान का मार्ग भी दिखाया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रकाश पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।