ग्रैंड थेफ्ट ऑटो (GTA) सीरीज़ की छठी किस्त कई मायनों में ख़ास है। खिलाड़ी इस गेम का इंतज़ार 13 साल से कर रहे हैं और इसे अब तक का सबसे महंगा गेम माना जा रहा है। यह लगभग 30 साल पुरानी इस सीरीज़ का पहला गेम भी है, जिसमें एक महिला मुख्य किरदार है। यह किरदार लूसिया कामिनोस का है, जो लैटिन अमेरिकी मूल की एक युवा महिला है। हालांकि, अमेरिका, यूरोप और ब्रिटेन जैसे बड़े बाज़ारों में वीडियो गेम खेलने वालों में लगभग 50 फ़ीसदी महिलाएं हैं, फिर भी लोकप्रिय गेम्स की मुख्य कहानियां लगातार पुरुषों के इर्द-गिर्द ही रही हैं।
अमेरिका की टेंपल यूनिवर्सिटी की डॉ. एड्रिएन शॉ बताती हैं कि लूसिया गेम की अकेली मुख्य किरदार नहीं हैं। खिलाड़ी को बारी-बारी से लूसिया और उसके प्रेमी तथा अपराधों में साथी जेसन डुवाल के रूप में खेलने का मौक़ा मिलता है। डॉ. शॉ ने कहा कि ज़्यादा जश्न मनाने से बचना चाहिए, क्योंकि गेम के निर्माताओं को यह सोचने में 30 साल लग गए कि कोई महिला भी मुख्य किरदार हो सकती है। स्ट्रीमर और पॉडकास्टर एथेना गार्सिया ने कहा कि जब उन्होंने गेम खेलना शुरू किया था, तब महिला किरदारों को हमेशा किसी पुरुष से बचाए जाने की ज़रूरत पड़ती थी।
रॉयल सोसाइटी ओपन साइंस पत्रिका में 2023 में प्रकाशित एक अध्ययन में 13,000 से ज़्यादा किरदारों का विश्लेषण किया गया था, जिनमें से 30 फ़ीसदी महिला किरदार थीं। अध्ययन में शामिल 50 में से 47 गेम्स में महिला किरदारों के संवाद पुरुष किरदारों के मुक़ाबले कम थे। ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ़ स्टर्लिंग की डॉ. स्टेफ़नी रेनिक ने कहा कि जब कोई बड़ा स्टूडियो ऐसा कुछ करता है, जिससे दूसरे भी प्रेरित हो सकते हैं, तो यह मायने रखता है। वहीं, कार्डिफ़ यूनिवर्सिटी के डॉ. सीन जी रॉबर्ट्स ने कहा कि रॉकस्टार गेम्स कुछ हद तक बाज़ार की मांग भी पूरी कर रही है।
अमेरिका के गीना डेविस इंस्टीट्यूट ने 2024 में अमेरिका और ब्रिटेन के गेम खेलने वालों के बीच एक सर्वे किया था। इसके मुताबिक़, 60 फ़ीसदी पुरुष खिलाड़ियों के ऐसे गेम खेलने की संभावना ज़्यादा है, जिनमें महिला किरदारों को भी खेलने का विकल्प हो। संस्थान की अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेडलीन डि नोनो ने कहा कि बड़ी उम्र के किरदारों को भी विविधता के साथ नहीं दिखाया जाता। ब्राज़ील के गेमर और लेखक आंद्रे गॉर्डिरो का मानना है कि गेम बनाने वाली कंपनियों को अपने दर्शकों में आ रहे बदलावों को समझना चाहिए।
