भारत के पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम 'गगनयान' में एक बार फिर देरी हुई है। अब इसके पहले मानवरहित मिशन के फरवरी 2027 से पहले लॉन्च होने की संभावना नहीं दिख रही है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की ओर से दिसंबर 2026 में लॉन्च की योजना थी, लेकिन तकनीकी सुधारों, अतिरिक्त सिमुलेशन और वैलिडेशन प्रक्रियाओं के चलते तारीख आगे खिसक सकती है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार ISRO इस मिशन को पूरी तरह सुरक्षित और त्रुटिहीन बनाना चाहता है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने पहले दिसंबर के अंत या जनवरी 2027 की शुरुआत में श्रीहरिकोटा से लॉन्च की तैयारी की बात कही थी। योजना के मुताबिक, पहली दो मानवरहित उड़ानों के सफल होने पर तीसरी उड़ान में मार्च 2028 तक भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने का लक्ष्य है।

ह्यूमन स्पेस फ्लाइट सेंटर (HSFC) और यू.आर. राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, लेकिन अंतरिक्ष यान और लॉन्च व्हीकल को उड़ान की मंजूरी मिलने से पहले कुछ महत्वपूर्ण काम अभी बाकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि बचे हुए सिमुलेशन और तकनीकी आकलन के कारण दिसंबर के लॉन्च शेड्यूल पर असर पड़ सकता है। तकनीकी फाइन-ट्यूनिंग, अतिरिक्त सिमुलेशन और वैलिडेशन प्रक्रियाएं अभी जारी हैं।

इसरो प्रमुख डॉ. वी. नारायणन और वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा है कि मिशन की डेडलाइन से ज्यादा सुरक्षा महत्वपूर्ण है। आम सैटेलाइट मिशन के उलट इसमें इंसानी जान दांव पर होगी, इसलिए ISRO 100% फूलप्रूफ तैयारी के बिना कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। अब तक इस मिशन के लिए 8,000 से ज्यादा परीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें क्रू एस्केप सिस्टम, एनवायरनमेंटल कंट्रोल और 16 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम (VSSC) में संपन्न क्रू व सर्विस मॉड्यूल सेपरेशन टेस्ट शामिल हैं।

गगनयान को श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड से ह्यूमन-रेटेड LVM3 (HLVM3) रॉकेट से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। मिशन के तहत यान अंतरिक्ष से वापसी भी करेगा, जिस दौरान क्रू मॉड्यूल को वायुमंडल में पुनः प्रवेश के समय भीषण गर्मी से गुजरना होगा; इसके लिए थर्मल प्रोटेक्शन हीट शील्ड और पैराशूट लैंडिंग सिस्टम की कड़ी जांच की जा रही है। मानवरहित परीक्षण उड़ानों में ISRO के अर्ध-मानवाकार रोबोट 'व्योममित्र' के जरिए जीवन-सहायक प्रणालियों की क्षमता भी परखी जाएगी। जनवरी 2019 में स्वीकृत 20,193 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट का मूल लक्ष्य मई 2022 था, लेकिन कोरोना महामारी और सप्लाई चेन की रुकावटों के कारण शेड्यूल कई बार संशोधित हुआ है। अक्टूबर 2024 में कार्यक्रम का दायरा 3 से बढ़ाकर 8 उड़ानों का कर दिया गया। वायुसेना के चार गगनयात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, प्रशांत बालकृष्णन नायर, अंगद प्रताप और अजीत कृष्णन इस मिशन के लिए चुने गए हैं। मानवरहित उड़ानों की पूरी सफलता के बाद 2027-2028 तक भारतीय गगनयात्रियों को 400 किमी की कक्षा में 3 दिनों के लिए भेजा जाएगा।