पलामू के शशि पासवान दुबई की जेल में वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में बंद हैं। उनकी पत्नी और मां ने गुरुवार को जेएलकेएम विधायक जयराम महतो के साथ झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनकी सकुशल वतन वापसी की गुहार लगाई। परिजनों ने मुख्यमंत्री को पूरे मामले की जानकारी देते हुए अपनी पीड़ा रखी। मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया है।
बताया जाता है कि शशि पासवान पिछले कई दिनों से दुबई की जेल में बंद हैं। काम की तलाश में दुबई गए शशि कुमार पासवान को अल रशीदिया पुलिस ने वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में हिरासत में लिया है। उनकी सकुशल वतन वापसी को लेकर परिवार काफी परेशान है और लगातार मदद की कोशिश कर रहा है।
शशि पासवान के स्वजन कई दिनों से मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश में थे। बुधवार को उन्होंने विधायक जयराम महतो से मुलाकात की। विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद यह मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा, जिसके बाद गुरुवार को परिजनों ने विधायक के साथ सीएम से मुलाकात की।
गौरतलब है कि वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में दुबई में हिरासत में बंद शशि पासवान की वतन वापसी के लिए उनका परिवार राज्य सरकार से मदद की उम्मीद लगाए बैठा है। मुख्यमंत्री की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों को कुछ राहत जरूर मिली है।
