पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ के एक अधिवक्ता से मारपीट के मामले में चंडीगढ़ पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी है। अदालत ने कहा कि पुलिस ने अपने कर्मचारियों के बेटों का पक्ष लिया और निष्पक्ष जांच पर आशंका जताई। अदालत ने यह भी कहा कि न्याय केवल होना नहीं, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए।

मामले के अनुसार, सेक्टर-46 के एक जिम में दो जुलाई 2026 को हुई मारपीट में शुभम ने हितेश और निखिल पर हमला करने तथा सीमेंट की टाइल से सिर पर वार करने का आरोप लगाया। दोनों आरोपी चंडीगढ़ पुलिसकर्मियों के बेटे बताए गए हैं। शुभम के अनुसार, एक जुलाई की रात सेक्टर-47 में घर के पास टहलते समय हितेश ने उन पर वीडियो बनाने का शक जताया और गाली-गलौज कर जिम में मिलने की धमकी दी थी। अगले दिन शुभम अपने भाई संजय के साथ जिम पहुंचे, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें सीढ़ियों पर घेरकर पीटा। टाइल से शुभम के सिर और माथे पर वार किए गए तथा संजय के साथ भी मारपीट हुई। सेक्टर-45 के नागरिक अस्पताल में शुभम की जांच में सात चोटें दर्ज की गईं।

शिकायत के बावजूद पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की। जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों के हस्तक्षेप के बाद आठ जुलाई को मामला दर्ज हुआ। निखिल की अग्रिम जमानत याचिका सत्र न्यायालय, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी। जिम की सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद हाईकोर्ट ने मारपीट में उसकी सक्रिय भूमिका पाई। पुलिस ने भी जमानत का विरोध करते हुए मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य पेश किए थे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद पुलिस ने उसी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) हटा दी। बाद में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ दिया गया।

अदालत ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से सहकर्मियों के बेटों का समर्थन करने की बात स्पष्ट होती है। हाईकोर्ट ने पहले जमानत का विरोध करने और बाद में गंभीर धारा हटाने के पुलिस के रुख पर भी सवाल उठाए।