शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के फोरम में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की मौजूदगी को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। इस पर भाजपा ने कहा है कि पाकिस्तानी मंत्री को अलग से कोई न्यौता नहीं दिया गया और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध पहले जैसे ही हैं।
भाजपा नेता नलिन कोहली ने बात करते हुए कहा कि यह एक बहुदेशीय सम्मेलन है, जिसमें सभी देशों के प्रतिनिधि आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का रुख साफ है कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। कोहली ने यह भी कहा कि भाजपा को विदेश नीति के मुद्दे पर कांग्रेस से सीखने की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पाकिस्तानी मंत्री के पुराने बयानों की ओर इशारा करते हुए सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तानी मंत्री की एक तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि इस मंत्री ने सिंधु जल संधि के मामले में भारत के खिलाफ सख्त बयान दिए थे।
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत की यात्रा पर आया है। इससे पहले तीन साल पहले तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO समिट की विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे। पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक इस बार SCO की सिविलाइजेशनल डॉयलॉग में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं।
