कांग्रेस पर आरोप लगाया जा रहा है कि उसने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को कमजोर किया। इस बीच CJP नेता सौरभ दास ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तारीफ की है और उन्हें बहुत सभ्य इंसान बताया है। हालांकि, दास ने साफ किया है कि CJP किसी भी पार्टी के साथ जाने की योजना नहीं बना रही है।
असम में कांग्रेस के साथ गठबंधन में रह चुकी रायजोर दल ने कांग्रेस पर बड़े आरोप लगाए हैं। पार्टी प्रमुख अखिल गोगोई की ओर से लिखे गए पत्र में दावा किया गया है कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को दुश्मन मानती है। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस ने ही CJP के आंदोलन को कमजोर किया। गोगोई ने लिखा है कि सड़कों पर आंदोलन को विभाजित करके और एक वास्तविक जनविद्रोह के साथ प्रतिस्पर्धा करके कांग्रेस ने CJP के आंदोलन को कमजोर किया, जिससे सत्तारूढ़ सरकार को आंदोलन को नियंत्रित करने का मौका मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भाजपा को अपना वैचारिक प्रतिद्वंद्वी बताती है, लेकिन लगातार क्षेत्रीय सहयोगियों और स्वतंत्र जमीनी आंदोलनों को कमजोर करने का काम करती है। फिलहाल इस मामले पर कांग्रेस या CJP की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
दूसरी ओर, CJP नेता सौरभ दास ने एक पॉडकास्ट में राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बहुत ही सभ्य इंसान हैं और सोनिया गांधी ने उनकी बहुत अच्छी परवरिश की होगी। दास ने कहा कि इस बात पर एक आम सहमति है कि वे अच्छे इंसान हैं। उन्होंने यह भी बताया कि CJP का राजनीतिक दल बनने का कोई इरादा नहीं है और वे सिर्फ टीम यूथ के रूप में काम कर रहे हैं। दास ने कहा कि CJP किसी के साथ गठबंधन नहीं करना चाहती और सभी का अपना-अपना रोल है।
CJP ने जून-जुलाई में दिल्ली के जंतर मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया था। तब सरकार के सामने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग रखी गई थी, जिसे सरकार ने मान लिया था और बाद में प्रल्हाद जोशी पद पर आए। सरकार ने CJP की मुआवजा समेत अन्य मांगों को भी स्वीकार किया था, जिसके बाद आंदोलन खत्म हो गया था। इसी बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया था।
