बिहार के नवादा जिले के 13 वर्षीय एक बच्चे का कोलकाता के एक निजी अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी से इलाज किया गया है। बच्चे के दिल में जन्मजात छेद था, जिसे डॉक्टरों ने कम चीरों वाली मिनिमली इनवेसिव रोबोटिक सर्जरी से बंद किया। कोलकाता के मुकुंदापुर स्थित नारायणा आरएन टैगोर अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को इस सर्जरी की जानकारी दी।
अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, बच्चे को एट्रियल सेप्टल डिफेक्ट (एएसडी) नाम की जन्मजात हृदय समस्या थी, जिसमें दिल के ऊपरी दो कक्षों को अलग करने वाली दीवार में छेद हो जाता है। डॉक्टरों के अनुसार, छेद काफी बड़ा था, इसलिए कैथेटर आधारित डिवाइस से उसे बंद करना संभव नहीं था और सर्जरी करना जरूरी हो गया था। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि परिवार को ठीक होने में लगने वाले समय और बच्चे की पढ़ाई पर पड़ने वाले संभावित असर की चिंता थी। परिवार ने कई विकल्पों पर विचार करने के बाद रोबोटिक सर्जरी कराने का फैसला किया।
यह सर्जरी अस्पताल में कार्डियक और रोबोटिक सर्जरी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. ललित कपूर के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने की। डॉ. कपूर ने बताया कि शरीर पर बड़े चीरों के बजाय छोटे चीरे लगाए गए, जिससे सर्जरी के बाद की परेशानी कम हुई और मरीज को तेजी से ठीक होने में मदद मिली। पारंपरिक सर्जरी को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर तैयार रखा गया था। रोबोटिक तकनीक की मदद से छोटे चीरों के जरिए दिल के छेद को बंद किया गया, और इसके लिए बच्चे के ही पेरीकार्डियम के ऊतक का इस्तेमाल किया गया।
पेरीकार्डियम एक दोहरी परत वाली थैली होती है, जो हृदय को चारों ओर से ढककर रखती है। डॉक्टरों ने इसी ऊतक को प्राकृतिक पैच के रूप में इस्तेमाल कर दिल की दीवार में मौजूद छेद को बंद किया, जिससे कृत्रिम पैच लगाने की जरूरत नहीं पड़ी। नारायणा हेल्थ ग्रुप के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) आर. वेंकटेश ने कहा कि यह प्रक्रिया उन्नत हृदय चिकित्सा और मरीज-केंद्रित इलाज के प्रति अस्पताल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। नारायणा हेल्थ ईस्ट में कोलकाता और कॉरपोरेट ग्रोथ इनिशिएटिव के निदेशक एवं क्लस्टर प्रमुख अभिजीत सीपी ने कहा कि रोबोटिक एएसडी सर्जरी में मरीज के अपने ऊतक का इस्तेमाल मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण विकास है।
