नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 'बालेन' की भारत यात्रा के दौरान कई परंपराओं का पालन न किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। विदेश यात्रा से पहले उन्होंने नेपाली सेना का 'गार्ड ऑफ़ ऑनर' नहीं लिया, पत्नी को साथ नहीं ले गए और सभी दलों के नेताओं व पूर्व प्रधानमंत्रियों के साथ बैठक भी नहीं की। पत्रकार सुधीर शर्मा के अनुसार, विदेश यात्रा की जानकारी देने के लिए राष्ट्रपति से मुलाक़ात की परंपरा का भी पालन नहीं किया गया। उनका मानना है कि इस मामले में प्रधानमंत्री से चूक हुई है और परंपरा तोड़ने के नाम पर ऐसा न करना देश को कमज़ोर करता है।
'देशसंचार डॉट कॉम' के पत्रकार और संपादक युवराज घिमिरे इसे नेपाल की मौजूदा कूटनीति की कमज़ोरी और अपरिपक्वता मानते हैं। उनके अनुसार, पहले जो सलाह-मशविरा होता था, अब वह भी नहीं हो रहा, और कूटनीति सिर्फ़ प्रधानमंत्री की सोच के आधार पर नहीं चलनी चाहिए। बालेन की पार्टी ने चुनाव में क़रीब दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है, और कुछ लोगों का मानना है कि वह अपने राजनीतिक जनादेश को दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। सुधीर शर्मा का मानना है कि बालेन नई राजनीतिक ताक़त हैं, इसलिए उन्हें वरिष्ठ नेताओं और अनुभवी लोगों की सलाह से फ़ायदा हो सकता है।
नेपाल में कई लोग यह जानना चाहते हैं कि यात्रा के दौरान सीमा विवाद पर बातचीत होगी या नहीं। घिमिरे के अनुसार, प्रधानमंत्री को बता दिया गया है कि सरकार द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े सभी मुद्दों पर ठोस नतीजे के साथ बातचीत चाहती है, इसलिए सीमा विवाद का मुद्दा भी उठाया जाएगा और इसे उचित तंत्रों के ज़रिए क़ानूनी तरीक़े से आगे बढ़ाने पर सहमति बन सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक़, दोनों देशों के घोषित एजेंडे में द्विपक्षीय समझौतों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं, हालांकि सार्वजनिक एजेंडे में सीमा विवाद का ज़िक्र नहीं है। घिमिरे का कहना है कि भारत नेपाल की ओर से उठाए जाने वाले सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार हो सकता है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यात्रा दोनों देशों के बीच "स्थायी और बहुआयामी साझेदारी को मज़बूत करने का अवसर देगी।" यात्रा से पहले दोनों देशों के अधिकारियों ने कई मुद्दों पर बातचीत की थी, जिनमें भारत के रास्ते नेपाल आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए नए हवाई प्रवेश मार्ग का प्रस्ताव अहम है। नेपाल महेंद्रनगर, नेपालगंज या भैरहवा के पास से विमानों को अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति मांग रहा है, जिससे भैरहवा और पोखरा हवाई अड्डों को फ़ायदा होगा। जवाब में यह जानकारी सामने आई है कि भारत ने पूर्वोत्तर भारत स्थित बागडोगरा हवाई अड्डे से नेपाली हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति मांगी है। सुधीर शर्मा कहते हैं कि बागडोगरा भारतीय वायु सेना का अड्डा है और अगर यह ख़बर सही है कि आपात स्थिति में भारतीय वायु सेना को नेपाली हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा गया है, तो यह संवेदनशील मुद्दा है।
