लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ एक बातचीत के दौरान रणनीतिक हितों का हवाला देते हुए इसराइल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति इस बात से तय होनी चाहिए कि भारत के लिए क्या अच्छा है। राहुल ने कहा कि भारत के रणनीतिक हित हैं, जिनमें सशस्त्र बलों के लिए बेहतरीन हथियार खरीदना भी शामिल है। अपनी इन टिप्पणियों को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया।
हालांकि, राहुल गांधी ने साथ ही कहा कि इसका मतलब यह नहीं हो सकता कि गाजा पर चुप रहा जाए। उन्होंने सात अक्तूबर 2023 को इसराइल में आम नागरिकों पर हमास के हमलों और उसके बाद से गाजा में इसराइल की ओर से जारी युद्ध की निंदा की। उन्होंने कहा कि एक गलत काम दूसरे गलत काम को सही नहीं ठहरा सकता। राहुल की इस टिप्पणी को कांग्रेस के पुराने रुख में नरमी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले यूक्रेन पर रूस के हमले के मामले में भी राहुल ने मोदी सरकार की नीतियों का समर्थन किया था।
इसराइल पर राहुल गांधी के हालिया बयान की उनके सहयोगी दलों ने आलोचना की है। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि राहुल की टिप्पणियां फलस्तीन के मुद्दे पर कांग्रेस के स्पष्ट दोहरे रवैये को उजागर करती हैं। सीपीआई(एम) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि भारत की ऐसी कोई स्वतंत्र विदेश नीति नहीं हो सकती जो इसराइल के साथ मजबूत रणनीतिक संबंधों की वकालत करे। राहुल गांधी की तुलना में प्रियंका और सोनिया गांधी गाजा में इसराइल की कार्रवाई के खिलाफ ज्यादा मुखर रही हैं और दोनों इसे जनसंहार कहती रही हैं।
कई विशेषज्ञों का मानना है कि राहुल गांधी की टिप्पणी भारत के राजनीतिक अभिजात वर्ग में मौजूद उस आम सहमति को दर्शाती है, जिसमें अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के बावजूद इस बात को स्वीकार किया जाता है कि इसराइल के साथ संबंध बेहद अहम हैं। द हिन्दू के अंतरराष्ट्रीय संपादक स्टैनली जॉनी ने एक्स पर लिखा कि रक्षा संबंधों को लेकर राहुल गांधी ने जो कहा, वह वास्तव में सही था। उन्होंने बताया कि इसराइल भारत का एक अहम रक्षा साझेदार है और रक्षा आपूर्ति के मामले में उसकी हिस्सेदारी करीब 15 फीसदी है। स्टैनली के मुताबिक, भारत और इसराइल के बीच पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित करने का फैसला कांग्रेस की पीवी नरसिम्हा राव सरकार ने लिया था।
