समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान ने जेल से रिहा होने के बाद एक इंटरव्यू में असदुद्दीन ओवैसी, अखिलेश यादव, राम मंदिर, कांग्रेस, जौहर यूनिवर्सिटी और अपने क़ानूनी मामलों समेत कई मुद्दों पर बात की।

ओवैसी और समाजवादी पार्टी को लेकर पूछे गए सवाल पर आज़म ख़ान ने कहा कि ओवैसी राज्य में बीजेपी को फ़ायदा पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "यही समझ में नहीं आ रहा है कि वो बीजेपी से लड़ रहे हैं या समाजवादी पार्टी से लड़ रहे हैं। अगर समाजवादी का नुक़सान होगा तो फ़ायदा ज़ाहिर है बीजेपी का होगा।" उन्होंने ओवैसी की हमदर्दी पर भी सवाल उठाया और कहा कि जब ओवैसी उनके घर के सामने से गुज़र रहे थे, तब मिलने क्यों नहीं आए या उनकी पत्नी को फ़ोन क्यों नहीं किया।

अखिलेश यादव के जेल में मिलने जाने के सवाल पर आज़म ख़ान ने कहा कि इससे काफ़ी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि अखिलेश साहब के आने से पहले और बाद में जेल में सख़्ती बढ़ा दी जाती है, इसलिए वह नहीं चाहते थे कि अखिलेश यादव उनसे मिलने आएं। दो पैन कार्ड के मामले पर उन्होंने कहा कि उनके पास एक ही वैध पैन कार्ड था, जिसका कोई इस्तेमाल नहीं हुआ और उसे सरेंडर कर दिया गया था।

आज़म ख़ान ग़ाज़ियाबाद की डासना जेल में बंद थे। इससे एक दिन पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ईडी की ओर से दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में उन्हें अंतरिम ज़मानत दी थी। रिहाई के कुछ घंटे बाद ही ईडी इस आदेश पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंची और तत्काल सुनवाई की मांग की, लेकिन अदालत ने यह मांग स्वीकार नहीं की। ईडी की यह कार्रवाई मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हुई, जिसमें आरोप है कि किसानों की कृषि भूमि पर यूनिवर्सिटी ने ज़बरन क़ब्ज़ा किया था। जौहर यूनिवर्सिटी के विवाद पर बात करते हुए आज़म ख़ान भावुक दिखाई दिए और उन्होंने दावा किया कि यूनिवर्सिटी के निर्माण से जुड़े सभी काम क़ानून के दायरे में किए गए।

अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की ख़बरों पर प्रतिक्रिया देते हुए आज़म ख़ान ने कहा कि जब हज के लिए लोग जाते हैं तो कुछ जवानी में, कुछ अधेड़ उम्र में और कुछ बुढ़ापे में यह करते हैं। उन्होंने कहा कि जब अल्लाह ताला बुलाएंगे तब वे जाएंगे और अब हुक्म हुआ होगा तो ख़ुदाई में लोग दावेदार न बनें।