दक्षिणी चीन के शेनझेन शहर में एशिया पैसिफिक इकनॉमिक कोऑपरेशन यानी एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्वागत के तरीके में जो अंतर दिखा, उस पर चर्चा शुरू हो गई है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के पहुंचने पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे, जबकि पुतिन का स्वागत शी जिनपिंग के चीफ ऑफ स्टाफ और कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष नेताओं में शामिल काई ची ने किया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि आखिरी बार किसी चीनी राष्ट्राध्यक्ष ने एयरपोर्ट पर विमान के पास जाकर किसी विदेशी नेता का स्वागत 1959 में किया था, जब माओत्से तुंग बीजिंग एयरपोर्ट पर सोवियत संघ के नेता निकिता ख्रुश्चेव का स्वागत करने पहुंचे थे। रिपोर्ट के अनुसार, इस बार ट्रंप के एयर फोर्स वन से उतरने पर दोनों नेताओं ने कैमरों के सामने एक-दूसरे को गले लगाया और इसके बाद चीनी वायुसेना की अगस्त फर्स्ट एरोबैटिक टीम के पांच J-10C लड़ाकू विमानों ने एयरपोर्ट के ऊपर से उड़ान भरी।

यूक्रेन के गृह मंत्रालय के सलाहकार रहे एंटोन गेराशचेंको ने सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों के साथ लिखा कि चीन में पुतिन को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। वॉल स्ट्रीट जर्नल के रूस ब्यूरो चीफ थॉमस ग्रोव की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मुलाकात से स्पष्ट हुआ कि बीजिंग अपनी प्राथमिकताओं के हिसाब से फैसले लेता है। वहीं, यूरेशिया ग्रुप के वरिष्ठ विश्लेषक डॉमिनिक चिउ ने फिलाडेल्फिया इन्क्वायरर से कहा कि इस घटनाक्रम को बहुत ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए और न ही यह निष्कर्ष निकालना चाहिए कि बीजिंग मॉस्को की कीमत पर वॉशिंगटन की तरफ झुक रहा है।