केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली में संविधान गौरव दिवस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि राहुल गांधी राजनीतिक दिखावे के लिए संविधान का इस्तेमाल करते हैं, जबकि संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि केवल संविधान की प्रति जेब में रखना या सार्वजनिक रूप से लहराना उसका सम्मान करना नहीं है। शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान उसमें तय आदर्शों और मानकों के अनुसार जीवन जीने में है।

शाह ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे खुलेआम कहते हैं कि उन्हें संसद में बहस नहीं, सड़कों पर बहस चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट को बदनाम करना तथा विदेश जाकर भारत को बदनाम करना राहुल की आदत बन गई है। शाह ने कहा कि राहुल गांधी 20 साल से लगातार चुनाव हार रहे हैं और हर तीसरे महीने छुट्टी मनाने विदेश चले जाते हैं।

गृह मंत्री ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 18 महीने तक देश को संविधान की भावना से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान मौलिक अधिकार सीमित कर दिए गए थे, अखबारों को संपादकीय प्रकाशित करने से रोका गया और जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी तथा लालकृष्ण आडवाणी जैसे विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। शाह ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू पहले प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने 1951 में संविधान के अनुच्छेद 19 में संशोधन करके अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए। संविधान का पहला संशोधन 18 जून 1951 को लागू हुआ था।

शाह ने दावा किया कि भाजपा सरकार के संविधान संशोधनों और फैसलों से सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण और आर्थिक सुधारों को मजबूती मिली है। उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (GST), राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) को 10 प्रतिशत आरक्षण देने जैसे कदमों का जिक्र किया। शाह ने संविधान को देश की विरासत बताते हुए कहा कि इसमें 1857 से 1947 तक स्वतंत्रता संग्राम में हुए सेनानियों के सपने, आकांक्षाएं और बलिदान समाहित हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2015 में संविधान दिवस की शुरुआत करने का श्रेय दिया और कहा कि संसद के सेंट्रल हॉल का नाम बदलकर ‘संविधान सदन’ करने जैसे कदम संविधान के मूल्यों को जीवित रखने के लिए उठाए गए हैं।