देश के 167 जिलों में पांच साल से कम उम्र के बच्चों में सांस के संक्रमण का खतरा ज्यादा पाया गया है। इनमें मध्य और पूर्वी भारत के जिले बड़ी संख्या में शामिल हैं। यह जानकारी एक नए अध्ययन में सामने आई है, जो अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ट्रॉपिकल मेडिसिन एंड हेल्थ में प्रकाशित हुआ है।

शोध में राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के 2019 से 2021 के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। शोधकर्ताओं ने देश के 707 जिलों के 2,21,849 बच्चों के आंकड़े देखे। इसके बाद उन 167 जिलों की पहचान की गई, जहां पांच साल से कम उम्र के बच्चों में सांस के संक्रमण के मामले ज्यादा पाए गए।

अध्ययन में यह भी सामने आया कि जिन बच्चों को हाल में दस्त की समस्या हुई थी, उनमें सांस के संक्रमण की आशंका उन बच्चों के मुकाबले 4.37 गुना अधिक थी, जिन्हें दस्त नहीं हुए थे। यानी छोटे बच्चों में दस्त और सांस के संक्रमण को अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याएं मानकर नहीं देखा जा सकता। दोनों के बीच मजबूत संबंध सामने आया है।