शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने दावा किया है कि परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सत्तारूढ़ NDA के पास 40 से 45 सांसदों की कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कमी को पूरा करने के लिए छोटी पार्टियों को तोड़ने और सांसदों को खरीदने की कोशिश की जा रही है। राउत ने यह भी दावा किया कि सांसदों को व्हिप तोड़कर वोट देने के लिए 150 करोड़ रुपये देने का ऑफर दिया जा रहा है और इस काम के लिए महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि राउत की खासियत झूठ बोलना है। उन्होंने सवाल किया कि 150 करोड़ रुपये देने की बात किसने बताई, उसे सामने लाया जाए।
गौरतलब है कि संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है। राउत ने रविवार को कहा कि सरकार परिसीमन बिल को लेकर जिद पर अड़ी है और इसी वजह से सत्र नहीं बुलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसी भी हालत में यह विधेयक पारित कराना चाहती है।
प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है, जिसका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता साफ करना है। विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। 543 सदस्यों वाले सदन में 361 वोटों की आवश्यकता होगी, जबकि तीन सीटें खाली होने के कारण अभी सदन में 540 सदस्य हैं। रिपोर्टों के अनुसार, सत्तारूढ़ NDA के पास 320 सदस्य हैं और जरूरी आंकड़ा पार करने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी।
