मुंबई के वर्ली स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (एनएससीआई) का फूड लाइसेंस महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने 23 नवंबर से तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। एफडीए की टीम ने क्लब का निरीक्षण किया, जिसमें किचन में गंदगी और लापरवाही के कई मामले सामने आए। जांच के दौरान किचन में मक्खियां उड़ती मिलीं और वॉश बेसिन के पास कॉकरोच घूमते नजर आए।

निरीक्षण में पाया गया कि किचन में सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा था। नालियों में कॉकरोच रोकने के लिए जाल तक नहीं लगाए गए थे। स्टोर रूम और परिसर के कोनों में खाने का कचरा जमा था, और खाना बनाने की जगह के पास खुले डस्टबिन रखे थे। कच्चा सामान और खाद्य सामग्री सही तापमान पर नहीं रखी जा रही थी, कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था ठीक नहीं थी और स्टोर रूम के डिब्बों पर लेबल भी नहीं लगे थे। दीवारों और छत से कण झड़ रहे थे, फर्श गंदा था और एग्जॉस्ट फैन पर धूल जमी थी।

एफडीए को सफाई से जुड़े रिकॉर्ड, उपकरणों की सफाई का ब्योरा और कच्चे सामान की खरीद के बिल नहीं दिखाए गए। खाना परोसने वाले कर्मचारियों का टीकाकरण नहीं हुआ था और कुछ कर्मचारी बिना ग्लव्स के काम कर रहे थे। ग्राहकों की शिकायतों के समाधान की भी पुख्ता व्यवस्था नहीं मिली।

इसी तरह की कार्रवाई में एफडीए ने फोर्ट इलाके में मुंबई यूनिवर्सिटी की एक कैंटीन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। यहां फ्रिज में खाने-पीने की चीजें बेतरतीब रखी मिलीं, खाने के पास कचरे से भरे खुले डस्टबिन थे और शाकाहारी व मांसाहारी खाने को अलग रखने की व्यवस्था नहीं थी। एफडीए के मुताबिक, ब्रिटिश ब्रूइंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के रेस्तरां और बार का फूड लाइसेंस भी 21 नवंबर को सस्पेंड किया गया था। मुंबई में होटल, रेस्तरां, बेकरी और खाद्य निर्माण इकाइयों समेत छह प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र रद्द किए गए हैं, जबकि पुणे डिवीजन में साफ-सफाई के नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं।