कर्नाटक के मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया, जब बंगलूरू जा रही एक फ्लाइट को टेकऑफ के दौरान रोकना पड़ा। हवाई अड्डा प्राधिकरण के मुताबिक, यह घटना 16 नवंबर को शाम करीब 6:05 बजे हुई। रोकने के समय विमान जमीन पर ही था और हवा में नहीं उठा था। विमान में सवार सभी 229 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को सुरक्षित वापस पार्किंग बे में लाया गया।

पार्किंग बे में एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने विमान की तकनीकी जांच की, जिसके बाद उसे 'एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड' (एओजी) घोषित कर दिया गया। इसका मतलब है कि तकनीकी खराबी दूर होने तक विमान उड़ान भरने के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके बाद सभी 229 यात्रियों को विमान से उतार लिया गया। घटना के बाद हवाई अड्डे और एयरलाइन के कर्मचारी यात्रियों की मदद के लिए मौजूद रहे।

एयरलाइन ने फंसे हुए यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा पर भेजने के लिए बंगलूरू से एक विशेष विमान की व्यवस्था की। हालांकि, मूल विमान में सवार 229 यात्रियों में से केवल 34 ने इस राहत विमान से यात्रा की। यह विमान 17 नवंबर की रात 12:10 बजे मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ। विमान के विंग से चिंगारी निकलने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हवाई अड्डा प्राधिकरण ने बताया कि ब्रेक लगाने के बाद भी विमान का कुछ दूरी तक आगे बढ़ना ब्रेक लगाने के दौरान पैदा होने वाली स्वाभाविक गति के कारण था। प्राधिकरण के अनुसार, तकनीकी खराबी वाले इस विमान में एक न्यायाधीश, एक विधायक के परिवार के सदस्य और बीजेपी के एक प्रमुख नेता भी सवार थे। गौरतलब है कि सोमवार को बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी इंडिगो की फ्लाइट 6E 6526 को टेकऑफ से ठीक पहले रोकना पड़ा था, जिसे बाद में सुबह 9:20 बजे की फ्लाइट से भेजा गया।